Australian education delegation arrives in Pune to strengthen partnership with India
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य से 22 सदस्यीय आस्ट्रेलियाई उच्च शिक्षा प्रतिनिधिमंडल पुणे दौरे पर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ऑस्ट्रेलिया की व्यापार एवं निवेश प्रोत्साहन एजेंसी ‘ऑस्ट्रेलियन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट कमीशन’ (ऑस्ट्रेड) के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने ‘ऑस्ट्रेड हायर एजुकेशन वीक 2026’ के तहत पिछले दो दिनों में यहां विश्वविद्यालयों और स्कूलों के साथ बातचीत की।
सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इन बैठकों का उद्देश्य भारतीय विद्यार्थियों की बदलती आकांक्षाओं को समझना, शैक्षणिक सहयोग और विद्यार्थियों के लिए अध्ययन के विभिन्न अवसर तलाशना तथा ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय शिक्षण संस्थानों के बीच संबंधों को मजबूत करना था।
ऑस्ट्रेड के व्यापार एवं निवेश आयुक्त विक सिंह ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए एक महत्वपूर्ण और मूल्यवान शिक्षा साझेदार है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुणे में हमारी बातचीत विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों की आकांक्षाओं को समझने एवं यह तलाशने का अवसर है कि ऑस्ट्रेलिया तथा भारत के शिक्षण संस्थान किस तरह मजबूत संबंध बना सकते हैं। हम चाहते हैं कि विद्यार्थी ऑस्ट्रेलिया को केवल पढ़ाई के गंतव्य के रूप में न देखें, बल्कि इसे ऐसी जगह के तौर पर देखें जहां विश्वस्तरीय शिक्षा, व्यावहारिक अनुभव और वैश्विक करियर के अवसरों के जरिए वे अपने भविष्य को आकार दे सकें।’’