2,000 artistes from 126 Naxal-affected districts to participate in Unity Day parade in Kevadia
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश भर के 126 नक्सल प्रभावित जिलों के लगभग 2,000 कलाकार, गुजरात के केवडिया में इस साल होने वाली ‘एकता दिवस’ परेड में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह परेड राष्ट्रीय एकता और सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम का हिस्सा है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, मोहन ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले वार्षिक ‘एकता दिवस’ समारोह में परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य कार्यक्रम होंगे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस साल के जश्न में कई पहल शामिल होंगी, जिनका मकसद देश से नक्सलवाद को खत्म करने में सुरक्षा बलों की उपलब्धियों को उजागर करना और देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करना है। इसमें बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा लिखित ‘आनंदमठ’ पर आधारित एक नाटक के साथ-साथ, देश के अलग-अलग हिस्सों से आकर गुजरात में बसने वाले लोगों द्वारा प्रस्तुत एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल होगा।