आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इस देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए 24 अप्रैल का दिन किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि सचिन तेंदुलकर का जन्म 1973 में इसी दिन हुआ था।
दुनिया के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माने जाने वाले सचिन रमेश तेंदुलकर ने बहुत छोटी उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू किया था और एक समय सबसे कम उम्र में टेस्ट क्रिकेट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज था। वह देश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया।
24 अप्रैल 2025 को भारत सरकार ने 1960 में हुई सिंधु जल संधि स्थगित करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की और इस संबंध में पाकिस्तान को औपचारिक जानकारी देते हुए कहा कि उसने समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया है।
भारत ने 1960 में हुई संधि को स्थगित करने का निर्णय जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की हत्या के बाद लिया है, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। विश्व बैंक की मध्यस्थता से 1960 में भारत और पाकिस्तान ने सिंधु जल संधि की थी। यह समझौता दोनों देशों को सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के उपयोग के तौर तरीकों का प्रावधान करता है।
प्रतिबंधित पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ली।
24 अप्रैल 2025 को ही पाकिस्तान ने भारत के साथ शिमला समझौते और अन्य द्विपक्षीय समझौतों को स्थगित कर दिया, सभी प्रकार के व्यापार पर रोक लगा दी और भारतीय एयरलाइन के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया। 1972 में हुए शिमला समझौते में कहा गया था कि मतभेदों को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाएगा, तथा दोनों देशों के बीच नियंत्रण रेखा को मान्यता दी गई।
देश-दुनिया के इतिहास में 24 अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:
1877 : रूस ने ऑटोमन साम्राज्य के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1898 : स्पेन ने अमेरिका के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1920 : पोलैंड की सेना ने यूक्रेन पर हमला किया।
1954 : ब्रिटिश सरकार ने कीनिया के विद्रोहियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया।
1954 : ऑस्ट्रेलिया और तत्कालीन सोवियत संघ ने राजनयिक संबंध समाप्त किए।
1960 : दक्षिण पर्शिया में आए भीषण भूकंप में 500 लोगों की मौत।
1967 : तत्कालीन सोवियत संघ के अंतरिक्ष यात्री व्लादिमीर कोमारोव एक अंतरिक्ष अभियान के दौरान जान गंवाने वाले पहले व्यक्ति थे। पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने के कुछ देर बाद उनके अंतरिक्ष यान के पैराशूट के तार उलझ गए और वह कई मील की ऊंचाई से धरती पर आ गिरे।
1973 : ‘भारत रत्न’ से अलंकृत ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन रमेश तेंदुलकर का मुंबई में जन्म।
1974 : प्रख्यात हिंदी कवि रामधारी सिंह दिनकर का निधन।
1975 : जैन धर्म के अनुयायियों ने भगवान महावीर के निर्वाण की 2500वीं जयंती मनाई।
2011 : आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा का निधन।
2013 : बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित राणा प्लाजा में कपड़ा फैक्ट्रियों के परिसर के ध्वस्त होने से करीब 1,130 लोगों की मौत।
2018 : चीन के कराओके लाउंज में आग लगने से 18 लोगों की मौत।
2022 : सूडान में जनजातियों के बीच हिंसक झड़प में 168 लोगों की मौत।
2025 : भारत सरकार ने 1960 में हुई सिंधु जल संधि स्थगित करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की और इस संबंध में पाकिस्तान को औपचारिक जानकारी देते हुए कहा कि उसने समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया है।