सीएएस को बदनाम करने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा : सेबी प्रमुख

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-08-2026
Any attempt to defame CAS will be dealt with firmly: Sebi chief
Any attempt to defame CAS will be dealt with firmly: Sebi chief

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने बुधवार को आगाह किया कि समापन नीलामी सत्र (सीएएस) यानी बाजार बंद होने के बाद शेयर के अंतिम भाव तय करने की व्यवस्था को ‘‘बदनाम’’ करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ पूंजी बाजार नियामक सख्ती से कार्रवाई करेगा।
 
सीएएस को तीन अगस्त को लागू किए जाने के बाद बाजार भागीदारों की ओर से जताई गई विभिन्न चिंताओं के बीच पांडेय ने कहा कि सीएएस में हेरफेर पकड़ने की सेबी की क्षमता उस पुरानी मात्रा भारांश औसत कीमत (वीडब्ल्यूएपी) प्रणाली की तुलना में अधिक है, जिसकी जगह इसे लागू किया गया है।
 
पांडेय ने यहां उद्योग संगठन फिक्की द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम सीएएस में हेरफेर को अपेक्षाकृत आसानी से पकड़ सकते हैं। सीएएस पारदर्शिता के लिए है। अगर किसी को लगता है कि वे नई प्रणाली को बदनाम करने के लिए सीएएस में हेरफेर करेंगे, तो वे मुसीबत में पड़ेंगे।’’
 
सेबी प्रमुख ने कहा कि सीएएस व्यवस्था में भागीदारी बढ़ रही है और उन्होंने विशेष रूप से म्यूचुअल फंड तथा अपने खाते से कारोबार करने वाले ट्रेडरों द्वारा इसे अपनाए जाने का उल्लेख किया।
 
पांडेय ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सीएएस में भागीदारी में सुधार हो रहा है और आगे भी इसमें सुधार होगा। हम भागीदारी में आ रही बाधाओं को देख रहे हैं।’’
 
सेबी के अनुसार, दुनिया के प्रमुख बाजारों में पिछले दो वर्षों तक सीएएस जैसी व्यवस्था अपनाई गई है।