Andaman tribal delegation meets Rahul Gandhi, expresses concern over Great Nicobar Project
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक जनजातीय प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और प्रस्तावित ग्रेट निकोबार इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना पर चिंता व्यक्त की।
कांग्रेस की ओर से यहां जारी एक बयान में कहा गया कि प्रतिनिधिमंडल ने गांधी से नयी दिल्ली में बृहस्पतिवार को मुलाकात की और इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेट निकोबार द्वीप समूह के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र और वहां के मूल आदिवासी समुदायों पर परियोजना के संभावित प्रतिकूल प्रभाव के बारे में आशंका व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर जोर दिया कि विकास आवश्यक है, लेकिन यह पारिस्थितिक क्षरण या आदिवासी आबादी के विस्थापन और हाशिए पर धकेले जाने की कीमत पर नहीं होना चाहिए। सदस्यों ने एक संतुलित और टिकाऊ दृष्टिकोण की मांग की जो पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे और मूल समुदायों के पारंपरिक अधिकारों और आजीविका की रक्षा करे।
प्रतिनिधिमंडल में निकोबार जिले की जनजातीय परिषद के सदस्य शामिल थे, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया भी राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक नेता ने कहा, ‘‘लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रतिनिधिमंडल की बात धैर्यपूर्वक सुनी और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों की गंभीरता को समझा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन चिंताओं को उचित मंचों पर उठाया जाएगा।"