अमित शाह 14 मार्च को पंजाब के मोगा में ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-02-2026
Amit Shah to address 'Badlaav Rally' in Moga, Punjab on March 14
Amit Shah to address 'Badlaav Rally' in Moga, Punjab on March 14

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को पंजाब के मोगा में ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करेंगे। भाजपा की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
चंडीगढ़ में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि पंजाब में हर कोई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) के विश्वसनीय और भरोसेमंद विकल्प के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि लोगों ने ‘आप’ को सत्ता से बाहर करने का फैसला कर लिया है।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की जनता की सेवा करने, राज्य को विकास के पथ पर ले जाने, इसे नशे की समस्या से मुक्त कराने, किसानों के जीवन में बदलाव लाने और भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
इस रैली को पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
 
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर हमला बोलते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार हर मोर्चे पर ‘‘विफल’’ रही है।