AIADMK to finalise seat-sharing, announce constituencies in four days: Palaniswami
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी तथा दलों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा चार दिन में कर देगी।
पलानीस्वामी ने बृहस्पतिवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि शाह के साथ उनकी बैठक सौहार्दपूर्ण रही और दोनों ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।
उन्होंने बातचीत में किसी भी तरह की बाधा से इनकार करते हुए कहा कि बातचीत सुचारू रूप से जारी है और इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने चेन्नई रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘आपको चार दिन में सब पता चल जाएगा। हम आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में घोषणा करेंगे। यहां यह (बातचीत) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) गठबंधन की तरह नहीं है। हमारी बातचीत सुचारू और पूरी तरह व्यवस्थित होगी... हमारा उद्देश्य अपने सहयोगियों को वे सीट आवंटित करना है, जहां उनके जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रभारी पीयूष गोयल बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे।