तमिलनाडु को 'पीछे की ओर ले जाएंगी’ अन्नाद्रमुक और भाजपा: उदयनिधि

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-04-2026
AIADMK and BJP will take Tamil Nadu 'backwards': Udhayanidhi
AIADMK and BJP will take Tamil Nadu 'backwards': Udhayanidhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को कहा कि यदि ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुन्‍नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य की सत्ता में आता है तो वह राज्य को "पीछे की ओर ले जाएगा।’’

उदयनिधि स्टालिन ने लोगों से अपील की कि वे विकास की गति को बनाए रखने के लिए द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) गठबंधन को चुनें।
 
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता को अन्नाद्रमुक को नकार देना चाहिए क्योंकि उसने परिवारों की महिला मुखियाओं के लिए मासिक भत्ता योजना को रोकने की "साजिश" रची थी।
 
द्रमुक युवा इकाई के सचिव ने पार्टी उम्मीदवारों - विल्लुपुरम से लक्ष्मणन और वनूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे गौतम द्रविड़मणि - के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इस चुनाव में साबित करें कि अन्नाद्रमुक और उसकी सहयोगी भाजपा के लिए तमिलनाडु में कोई जगह नहीं है। उन्हें चुनाव में पूरी तरह हरायें और राज्य में विकास की गति को बनाए रखने के लिए समझदारी से द्रमुक को चुनें।’’
 
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद द्रमुक गृहिणियों के लिए 8,000 रुपये की कूपन योजना शुरू करेगी। उदयनिधि ने आग्रह किया, "पिछले चुनाव में हमने इस जिले की सात में से चार सीट जीती थीं। इस बार हमें सभी सात विधानसभा सीट पर जीत दिलाएं।’’
 
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 23 अप्रैल को होंगे।
 
 
प्रादेशिक विल्लुपुरम