अदाणी ग्रीन बनी 20 गीगावाट क्षमता हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-07-2026
Adani Green becomes the first Indian company to achieve 20 GW of capacity
Adani Green becomes the first Indian company to achieve 20 GW of capacity

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) की परिचालन नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 20 गीगावाट (जीडब्ल्यू) से अधिक हो गई है। इसके साथ ही वह पूरी तरह नई परियोजनाओं के जरिये यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली स्वच्छ ऊर्जा कंपनी बन गई है।

कंपनी सालाना 52 अरब यूनिट से अधिक स्वच्छ बिजली का उत्पादन करती है।
 
अदाणी समूह की कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि यह उत्पादन भारत की कुल बिजली खपत का लगभग तीन प्रतिशत है। यह न्यूयॉर्क शहर की एक साल की बिजली जरूरत पूरी करने या मुंबई और नयी दिल्ली की संयुक्त वार्षिक बिजली आवश्यकता के लगभग बराबर है।
 
यह उपलब्धि 2016 में तमिलनाडु के कामुथी में एजीईएल की पहली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना शुरू होने के एक दशक के भीतर हासिल की गई है। इससे कंपनी भारत में नई (ग्रीनफील्ड) परियोजनाओं के साथ सबसे बड़ी एवं सबसे तेज नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता जोड़ने वाली कंपनी बन गई है।
 
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 5,051 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी, जो चीन के बाहर किसी भी कंपनी द्वारा एक वर्ष में जोड़ी गई सबसे अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता है।
 
इस उपलब्धि पर अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा, ‘‘ 20 गीगावाट का आंकड़ा पार करना दिखाता है कि अनुशासित क्रियान्वयन एवं दीर्घकालिक दृष्टिकोण से क्या हासिल किया जा सकता है। आज एजीईएल अपने दक्ष दल और लंबे समय से जुड़े साझेदारों के साथ मिलकर मुंबई तथा नयी दिल्ली की संयुक्त वार्षिक बिजली आवश्यकता के बराबर नवीकरणीय बिजली उपलब्ध करा रही है।’’