अर्सला खान/नई दिल्ली
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को पुलिस से झड़प हो गई और आठ से 10 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अभाविप ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपने आंदोलन के तहत 11 अगस्त को भी राज्य विधानसभा तक मार्च निकालने का आह्वान किया है।
अभाविप की झारखंड इकाई ने प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रति समर्थन जताने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री आवास के पास अभाविप कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई और उन्होंने अवरोधक तोड़ने की कोशिश की। आठ से 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है और उन्हें लालपुर थाने ले जाया जाएगा।’’
हिरासत में लिए गए लोगों में अभाविप के पदाधिकारी प्रदीप शेखावत, पशुपतिनाथ उपमन्यु और प्रकाश टुटी शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अजय आर्यन ने ‘पीटीआई- भाषा’ से कहा, ‘‘वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर विरोध मार्च निकाल रहे थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उन्हें सिदो-कान्हू पार्क के पास रोक दिया गया।’’
अभाविप के प्रदेश सचिव प्रकाश टुटी ने कहा कि संगठन ने इस मुद्दे को लेकर 11 अगस्त को ‘‘विधानसभा मार्च’’ का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनकी जायज मांगों के समर्थन में हमने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला और इसके जरिए उनकी आवाज पुरजोर तरीके से उठाई। हमारे कुछ सवाल हैं और मुख्यमंत्री को उनका जवाब देना होगा। अभाविप ने इस मुद्दे को लेकर 11 अगस्त को विधानसभा तक मार्च निकालने का फैसला किया है।’’