AAP urged to remove Raghav Chadha from the post of Deputy Leader of the party in Rajya Sabha
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर अपने सांसद राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के उप-नेता के पद से हटाने का आग्रह किया और उनके स्थान पर पंजाब के सांसद अशोक मित्तल का नाम प्रस्तावित किया है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, पत्र में कहा गया है कि चड्ढा को सदन में बोलने के लिए ‘आप’ के निर्धारित कोटे से समय आवंटित नहीं किया जाना चाहिए। चड्ढा, पंजाब से राज्यसभा सांसद भी हैं।
यह कदम ‘आप’ से जुड़े मामलों पर चड्ढा की लंबे समय से चली आ रही चुप्पी और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के कई सार्वजनिक कार्यक्रमों से उनकी अनुपस्थिति के बीच उठाया गया है।
कभी केजरीवाल के करीबी विश्वासपात्र और देश के सबसे युवा सांसदों में से एक माने जाने वाले चड्ढा ने पार्टी के कार्यों में अहम भूमिका निभाई थी। इसमें खासकर पंजाब और दिल्ली में ‘आप’ के कार्यकाल के दौरान उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।
हालांकि, हाल के महीनों में हालात बदल गए हैं।
आबकारी नीति मामले से जुड़े होने के आरोप में मार्च 2024 में दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के समय चड्ढा मेडिकल कारणों से विदेश में थे। केजरीवाल की लगभग छह महीने की कैद के दौरान चड्ढा देश से बाहर ही रहे और 13 सितंबर 2024 को उनकी रिहाई के कुछ ही दिनों बाद उनसे मिले।