A snake with unique coloration found in Lakhimpur Kheri has drawn the attention of scientists.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा क्षेत्र के सुमेर नगर गांव में एक घर से हाल में बचाए गए करैत सांप के अनोखे रंग ने वैज्ञानिकों का ध्यान आकर्षित किया है।
आमतौर पर करैत में दिखाई देने वाली छल्लेदार धारियां इस सांप के शरीर पर नहीं हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि इसके असामान्य रंग-रूप का कारण जानने और यह पता लगाने के लिए इसकी शारीरिक बनावट और आनुवंशिक गुणों का अध्ययन करना जरूरी है कि यह ‘लेसर ब्लैक करैत’ है या ‘कॉमन करैत’ की कोई दुर्लभ प्रजाति।
दुधवा बाघ अभयारण्य (डीटीआर) के क्षेत्र निदेशक डॉ. एच. राजमोहन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बचाया गया सांप दुधवा क्षेत्र में दुर्लभ है और अंदेशा है कि यह ‘लेसर ब्लैक करैत’ है जो आमतौर पर दुधवा के तराई क्षेत्र में नहीं पाया जाता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस सांप के बारे में अध्ययन के लिए जाने-माने सरीसृप विशेषज्ञों से संपर्क किया जाएगा। यह दुधवा की समृद्ध जैव विविधता और पारिस्थितिकी को दर्शाता है, जहां दुर्लभ प्रजातियों को सुरक्षा और संरक्षण मिला है।’’