A fresh case has been registered against notorious criminal Ayanki for his Facebook post on the Kerala Chief Minister.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अपमानजनक पोस्ट के मामले में कुख्यात बदमाश अर्जुन अयांकी के विरुद्ध नया मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस राज्यभर में उसकी तलाश कर रही है। एर्णाकुलम ग्रामीण साइबर पुलिस ने अयांकी द्वारा कथित तौर पर पांच अगस्त को फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट के आधार पर शुक्रवार रात मामला दर्ज किया।
प्राथमिकी के अनुसार, अयांकी ने कथित तौर पर यह पोस्ट ‘‘केरल के मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से बदनाम करने और लोगों के बीच दुश्मनी पैदा करने तथा दंगा भड़काने के इरादे से एक सोची-समझी साजिश के तहत’’ की थी। यह पोस्ट ‘अर्जुन अयांकी’ नाम के फेसबुक खाते से पांच अगस्त को अपलोड की गयी थी।
पोस्ट में अयांकी ने दावा किया था कि वर्तमान मुख्यमंत्री की तुलना में ओमन चांडी बेहतर थे।
प्राथमिकी के अनुसार, उसने फेसबुक पोस्ट में मुख्यमंत्री को कथित तौर पर ‘जोकर और झूठा’ भी कहा। प्राथमिकी में कहा गया कि पोस्ट का उद्देश्य जनता को प्रभावित करना और अशांति पैदा करना था।