A blast-like sound caused panic at the Jaffrabad metro station.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पर बृहस्पतिवार शाम बुराड़ी की ओर जाने वाली मेट्रो लाइन पर धमाके जैसी आवाज सुनाई देने के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शाम 6:05 बजे सूचना मिलने पर, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव प्रक्रिया शुरू की।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये आवाज मेट्रो लाइन के दो ओवरहेड पावर केबलों के बीच पतंग की डोर (मांजा) के फंसने के कारण आईं, जिससे एक मामूली चिंगारी निकली और मामूली सी आग लग गई।"
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "कुछ बच्चे पास में पतंग उड़ा रहे थे और मांजा मेट्रो की बिजली की तारों में फंस गया, जिससे धमाके जैसी मामूली आवाज हुई और मामूली आग लग गई।"
उन्होंने कहा कि स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लाया गया और सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई तथा यात्रियों या बुनियादी ढांचे को कोई और खतरा नहीं है।
मेट्रो की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया।