Strengthening of BRICS group of emerging economies is changing global relations: Russian official
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के एक शीर्ष आर्थिक सलाहकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं के ब्रिक्स समूह का सुदृढ़ीकरण वैश्विक संबंधों को बदल रहा है।
मैक्सिम ओरेशकिन ने रूसी व्यापार और उद्योग संघ (आरएसपीपी) की ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ व्यापार सहयोग पर राष्ट्रीय समिति की बैठक में यह बात कही।
उन्होंने दो दशक पहले की तुलना में आज की दुनिया में व्यापार कूटनीति के बढ़ते महत्व को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि वैश्विक संबंधों का स्वरूप बदल रहा है तथा पहले जहां प्रौद्योगिकी, व्यापार और वित्त का प्रवाह पश्चिमी देशों के माध्यम से होता था, अब ब्रिक्स देशों और विकासशील देशों के बीच संबंध मजबूत हो रहे हैं।
ओरेशकिन ने कहा, ‘‘हम नयी वित्तीय भुगतान योजनाएं देख रहे हैं, और नये विकास केंद्रों में नये तकनीकी समाधान उभर रहे हैं। यही कारण है कि ये प्रत्यक्ष संबंध भविष्य की अर्थव्यवस्था में पहले से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।’’
ओरेशकिन, क्रेमलिन स्टाफ के उप प्रमुख भी हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापार कूटनीति आज की दुनिया में 10, 15 या 20 साल पहले की तुलना में कहीं अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।