आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य अब 'ट्रिपल टी' यानी 'टेक्नॉलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसपोर्टेशन' की 'त्रिवेणी' बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि अब राज्य में 'कर्फ्यू कल्चर' की जगह 'जीरो टॉलरेंस कल्चर' ने ली है और दंगों की जगह 'फेस्टिवल व टेंपल इकोनामी' पनप रही है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है।
उन्होंने कहा, ''आज यह ट्रिपल टी का एक प्रतीक बना है। ट्रिपल टी यानी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसपोर्टेशन। यह इन तीनों की एक त्रिवेणी बनकर उभरा है। पहली बार सदन में प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण भी प्रस्तुत किया गया है। यह आर्थिक सर्वेक्षण विचार से व्यवस्था और व्यवस्था से विकास की इस अभिनव यात्रा का प्रतीक है।''
आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले दिन से ही भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति की बात की थी और सरकार आज भी इसी नीति पर चल रही है।
उन्होंने कहा, ''आज का उत्तर प्रदेश उपद्रव का नहीं बल्कि उत्सव प्रदेश है। कर्फ्यू कल्चर की जगह जीरो टॉलरेंस कल्चर ने ली है। अब दंगों की जगह फेस्टिवल और टेंपल इकोनामी प्रगति कर रही है।''