गोविंदा के परिवार में दरार की अटकलों के बीच चर्चा में आईं मराठी अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार कौन हैं?

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
Who is Marathi actress Komal Rani Swarnkar, who has come into the spotlight amidst speculations of a rift within Govinda's family?
Who is Marathi actress Komal Rani Swarnkar, who has come into the spotlight amidst speculations of a rift within Govinda's family?

 

नई दिल्ली।

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाएं होती रही हैं। दोनों के अलग रहने, तलाक की अर्जी और बाद में कानूनी मामला वापस लिए जाने की खबरों ने उनके वैवाहिक जीवन को लेकर कई तरह की अटकलों को जन्म दिया है।

अब गोविंदा की एक अन्य महिला के साथ रोमांटिक दृश्यों वाली कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इसके बाद अभिनेता एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर इस महिला को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनका नाम मराठी अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार बताया जा रहा है।

गोविंदा और कोमल के कथित करीबी संबंधों को लेकर अफवाहें पहले भी सामने आ चुकी हैं। करीब एक महीने पहले गणेश उत्सव के दौरान दोनों को मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन और पूजा के लिए एक साथ जाते देखा गया था। उस दौरान कोमल की उंगली पर सिंदूर नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की गुप्त शादी को लेकर भी अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हालांकि, इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिल्म के रोमांटिक दृश्यों से फिर शुरू हुई चर्चा

इस बार विवाद की वजह गोविंदा और कोमल के बीच फिल्माए गए रोमांटिक दृश्य बने हैं। दोनों ने 'रूपा' नाम की फिल्म में साथ काम किया था। हाल ही में कोमल ने फिल्म के कुछ रोमांटिक दृश्य अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए। इसके बाद पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।

एक यूजर ने टिप्पणी की, 'पुरुषों का अहंकार इसी को कहते हैं।' वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, 'इसी के बाद तो उनकी पत्नी ने कहा था कि कोई उन्हें अलग नहीं कर सकता! या तो यह पब्लिसिटी स्टंट है या फिर दोनों पागल हो गए हैं।'

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस मामले पर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा की प्रतिक्रिया जानने की इच्छा जताई। हालांकि, इस पोस्ट पर सबसे ज्यादा ध्यान अभिनेत्री राखी सावंत की प्रतिक्रिया ने खींचा। उन्होंने गोविंदा और कोमल के रोमांटिक दृश्यों को देखकर गुस्से वाला इमोजी साझा किया।

गोविंदा और सुनीता ने अलगाव की अटकलों को किया खारिज

गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते में तनाव और अलगाव की खबरें पहले भी सामने आ चुकी हैं। उनके तलाक से जुड़ी कानूनी कार्रवाई की चर्चा भी हुई थी। हालांकि, बाद में सुनीता ने मामला वापस ले लिया था।

दूसरी ओर, गोविंदा ने हाल ही में अपनी पत्नी को अपना 'भाग्यशाली साथी' बताते हुए कहा था कि उनके परिवार में अलगाव की कोई गुंजाइश नहीं है। सुनीता ने भी अपने रिश्ते को लेकर भरोसा जताते हुए कहा था, 'हमें कोई अलग नहीं कर सकता।'

फिलहाल गोविंदा और कोमल के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन दोनों के कथित प्रेम संबंध या गुप्त शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।