दिलजीत दोसांझ लैटिन ग्रैमी पुरस्कार समारोह में प्रस्तुति देने वाले पहले भारतीय बने

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Diljit Dosanjh becomes the first Indian to perform at the Latin Grammy Awards ceremony
Diljit Dosanjh becomes the first Indian to perform at the Latin Grammy Awards ceremony

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ लैटिन ग्रैमी अवार्ड समारोह में प्रस्तुति देने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं। उन्होंने लास वेगास में 27वें पुरस्कार समारोह में प्यूर्टो रिको के गायक डैडी यांकी के साथ मंच साझा किया।
 
यह पुरस्कार समारोह 12 नवंबर को एमजीएम ग्रैंड गार्डन एरिना में हुआ, जहां दोनों कलाकारों ने हाल में जारी अपने साझा गीत ‘पोकिटो’ पर प्रस्तुति दी। इस गीत में पंजाबी और लैटिन संगीत का संगम देखने को मिला।
 
दिलजीत ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर इस प्रस्तुति का एक वीडियो साझा किया।
 
उन्होंने लिखा, ‘‘लैटिन ग्रैमी पुरस्कार समारोह में पंजाबी आ गए, ओए। दुनिया के हर मंच पर पंजाबी बोली जाएगी। बाबा सबका भला करें। बड़े भाई डैडी यांकी का विशेष आभार। दो संस्कृतियों को एक मंच पर लाने के लिए धन्यवाद। हमें आमंत्रित करने के लिए लैटिन ग्रैमी पुरस्कार समारोह के आयोजकों का भी धन्यवाद।’’
 
समारोह में बेबी रैंक्स, बैड ग्याल, डिविनो, डीजे प्रीमियर, ग्रुपो निचे, जे व्हीलर, लिल सुपा, लुइस एनरिके, नैथी पेलुसो और एंजेल ‘कुको’ पेना समेत कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी।
 
समारोह के दौरान मंच के पीछे डैडी यांकी की मां रोजा रोड्रिगेज से दिलजीत की हुई मुलाकात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
 
वीडियो में दिलजीत को रोजा रोड्रिगेज से परिचय कराए जाने के बाद सम्मान में उनके पैर छूने के लिए झुकते देखा जा सकता है। इस दौरान डैडी यांकी भी दिलजीत का अभिवादन करते नजर आते हैं।
 
लैटिन ग्रैमी पुरस्कार समारोह में दिलजीत की इस प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी बढ़ती पहचान को और मजबूती मिली है।