गिरने के कारण पसली में लगी चोट से उबर रहा हूं : टीनू आनंद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
I am recovering from a rib injury I sustained in a fall: Tinu Anand
I am recovering from a rib injury I sustained in a fall: Tinu Anand

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिग्गज अभिनेता-फिल्मकार टीनू आनंद ने बताया कि गिरने से उनकी पांच पसलियां टूट गई थीं और फेफड़े में चोट पहुंची थी। अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह घर पर आराम कर रहे हैं।
 
आनंद को बृहस्पतिवार को मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद उन्हें अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था।
 
आनंद ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘मैं 14 दिन बाद घर लौटा हूं और अब काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। जब तक चिकित्सक मुझे बाहर जाने की इजाजत नहीं देते, मुझे आराम करना है।’’
 
आनंद को 'कालिया', 'शहंशाह', 'मैं आजाद हूं' और 'मेजर साब' जैसी अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्मों के निर्देशन के लिए जाना जाता है।
 
फिल्म निर्देशक (81) ने बताया कि वह अपने घर पर गिर गए थे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं रात में टहल रहा था और लाइटें बंद थीं। अचानक मैं गिर गया और उसके बाद सोने चला गया। अगली सुबह मुझे पता चला कि मेरी हड्डी टूट गई है, जिसके बाद मेरी बेटी मुझे अस्पताल ले गई।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘सीटी स्कैन के बाद हमें पता चला कि मेरी पांच पसलियां टूट गई हैं। मुझे याद नहीं कि मैंने वह समय कैसे बिताया, लेकिन अब मैं ठीक हूं।’’
 
टीनू आनंद को 'अग्निपथ', 'खिलाड़ी', 'दामिनी', 'कोहरा', 'क्रांतिवीर', 'त्रिमूर्ति', 'चाइना गेट', 'साथिया', 'ब्लफमास्टर', 'साहो' और 'मेरी क्रिसमस' जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए भी पहचाना जाता है। उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। वह घर पर ही फिजियोथेरेपी करा रहे हैं।
 
आनंद ने कहा, ‘‘मैं घर पर अच्छी तरह आराम कर रहा हूं।’’ उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि वह अगले महीने दक्षिण भारतीय भाषाओं की अपनी दो फिल्मों पर काम शुरू कर देंगे।