The Kerala Story 2 विवाद: विपुल अमृतलाल शाह ने अनुराग कश्यप को दिया जवाब

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-02-2026
The Kerala Story 2 विवाद: विपुल अमृतलाल शाह ने अनुराग कश्यप को दिया जवाब
The Kerala Story 2 विवाद: विपुल अमृतलाल शाह ने अनुराग कश्यप को दिया जवाब

 

मुंबई

फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने ‘The Kerala Story 2: Goes Beyond’ के खिलाफ अनुराग कश्यप द्वारा की गई टिप्पणियों पर तीखा जवाब दिया है। कश्यप ने इस फिल्म के ट्रेलर को “प्रोपगैंडा” बताते हुए आलोचना की थी, जिसके बाद शाह ने उनके बयान पर सवाल उठाया।

विपुल शाह का बयान

शाह ने मीडिया से कहा, “मैं अनुराग जी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करता। उनके अपने विचार हैं। लेकिन मेरे निर्देशक ने एक बहुत अच्छा मुद्दा उठाया था, उसका जवाब अब तक अनुराग जी से नहीं आया।” उन्होंने कश्यप की फिल्म ‘That Girl in Yellow Boots’ का जिक्र करते हुए कहा, “कया उनकी ऐसी किसी टिपण्णी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, जिन्होंने पिता-पुत्री के अनैतिक संबंध पर फिल्म बनाई हो?”

 निर्देशक कमाख्य नारायण सिंह की प्रतिक्रिया

फिल्म के निर्देशक कमाख्य नारायण सिंह ने भी कश्यप की आलोचना पर कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “कश्यप ने समाज की सच्चाई को नजरअंदाज किया है। उनकी सारी फिल्में कई सालों से फ्लॉप रही हैं, मानसिक रूप से वे कमजोर हो चुके हैं और सच देख पाने में असमर्थ हैं। हमारी फिल्म की हर घटना वास्तविक जीवन पर आधारित है।”

सिंह ने यह भी कहा कि अगर कश्यप चाहें तो वे रिसर्च मटेरियल उनके पास भेज सकते हैं, लेकिन उन्होंने हर चीज़ में दोष निकालने की आदत बना ली है।

केरल हाईकोर्ट ने रिलीज पर रोक हटाई

हाल ही में केरल हाईकोर्ट डिविजन बेंच ने ‘The Kerala Story 2’ की रिलीज़ पर लगी रोक हटा दी है। शाह ने इसे फिल्म की सत्यता और मेहनत का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा, “फिल्म न तो केरल राज्य या वहां के लोगों के खिलाफ है। यदि कुछ गलत हो रहा है, तो हम इसे उजागर करने का प्रयास कर रहे हैं। फिल्म देखने पर लोग समझेंगे कि हमने किसी भी तरह की नकारात्मक टिप्पणी नहीं की है।”

 फिल्म की कहानी

‘The Kerala Story 2’ 2023 में रिलीज़ हुई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘The Kerala Story’ की सीक्वल है। यह तीन युवतियों की जिंदगी पर आधारित है, जो कथित धोखाधड़ी वाले विवाह और जबरन धार्मिक परिवर्तन के दौर से गुजरती हैं।

ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद फिल्म को सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रिया मिली, कुछ ने इसे “प्रोपगैंडा” कहा, जबकि निर्माता इसे वास्तविक घटनाओं पर आधारित बताते हैं।फिल्म की रिलीज़ और विवादों के बीच, निर्माता और निर्देशक ने स्पष्ट किया है कि यह फिल्म शोध आधारित, सचाई पर आधारित और किसी राज्य या समुदाय के खिलाफ नहीं है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब फिल्म अपने शोज़ शुरू कर चुकी है और दर्शकों से इसे खुले दिमाग से देखने की अपील की गई है।