नई दिल्ली।
भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'रामायण' अब वैश्विक स्तर पर और भी बड़े पैमाने पर दर्शकों तक पहुंचेगी। प्राइम फोकस स्टूडियोज़ ने शुक्रवार को घोषणा की कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट (Sony Pictures Entertainment) भारत के बाहर फिल्म के वैश्विक वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा। इस साझेदारी के साथ निर्माता नमित मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक उसी स्तर पर पहुंचाने की तैयारी है, जिस तरह बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स दुनिया भर में रिलीज किए जाते हैं।
'रामायण' भारतीय संस्कृति और इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित महाकाव्यों में से एक पर आधारित एक भव्य सिनेमाई प्रस्तुति है। फिल्म का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज़ के संस्थापक और विश्वप्रसिद्ध विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनईजी (DNEG) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। डीएनईजी अब तक आठ अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) जीत चुकी है और कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में अपने शानदार विजुअल इफेक्ट्स के लिए जानी जाती है।
फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशन की कमान राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नितेश तिवारी के हाथों में है। वहीं, संगीत को वैश्विक स्तर का स्वर देने के लिए ऑस्कर विजेता संगीतकार हैंस ज़िमर और भारत के ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान साथ आए हैं। यह पहली बार है जब दोनों दिग्गज संगीतकार किसी भारतीय पौराणिक महाकाव्य पर आधारित फिल्म के लिए साथ काम कर रहे हैं।
नमित मल्होत्रा ने कहा कि 'रामायण' सदियों से मानवता, नैतिक मूल्यों और आदर्शों की प्रेरणादायक कहानी रही है। उनका उद्देश्य इस विरासत का सम्मान करते हुए ऐसी सिनेमाई प्रस्तुति तैयार करना है, जो दुनिया भर के दर्शकों को प्रभावित कर सके। उन्होंने कहा कि डीएनईजी के माध्यम से उनकी टीम दशकों से विश्व की कई महत्वाकांक्षी फिल्मों को तकनीकी रूप से साकार करती रही है और अब वही अनुभव भारतीय महाकाव्य 'रामायण' को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने में लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ यह साझेदारी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाएगी। इससे दुनिया भर के दर्शकों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और हमारी महान कथाओं को बड़े पर्दे पर देखने का अवसर मिलेगा। उनके अनुसार यह केवल एक व्यावसायिक समझौता नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नमित मल्होत्रा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट में यह भी बताया कि फिल्म के ट्रेलर को शुक्रवार को जारी किया जाना था, लेकिन सोनी पिक्चर्स के साथ इस ऐतिहासिक साझेदारी की घोषणा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेलर लॉन्च को फिलहाल आगे के लिए टाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब 'रामायण' को दुनिया भर में ठीक उसी तरह रिलीज किया जाएगा, जैसे किसी बड़े हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर को किया जाता है।
दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का पहला भाग दीपावली 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अलावा रवि दुबे, सनी देओल, विवेक ओबेरॉय और अरुण गोविल जैसे कई प्रमुख कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
भारतीय पौराणिक कथा, अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स, विश्वस्तरीय संगीत और अंतरराष्ट्रीय वितरण नेटवर्क के साथ 'रामायण' भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो गई है, जिनसे वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं। यह फिल्म न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगी, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को दुनिया के नए दर्शकों तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो सकती है।