Prayers on Diwali, celebrations on Eid—the beautiful traditions of these Bollywood families.
अर्सला खान/नई दिल्ली
भारत में त्योहार सिर्फ पूजा-पाठ या धार्मिक रस्मों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये रिश्तों को जोड़ने और एक-दूसरे की संस्कृति को समझने का अवसर भी देते हैं। दिवाली हो या ईद, इन त्योहारों की खुशियां तब और खास हो जाती हैं, जब अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों से आने वाले लोग इन्हें मिलकर मनाते हैं।
बॉलीवुड में ऐसे कई सेलिब्रिटी परिवार हैं, जहां पति-पत्नी अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन उनके घर में दोनों धर्मों के त्योहारों और परंपराओं को जगह मिलती है। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ चर्चित परिवारों के बारे में।
1. शाहरुख खान और गौरी खान
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान मुस्लिम परिवार से आते हैं, जबकि उनकी पत्नी गौरी खान पंजाबी हिंदू परिवार से हैं। दोनों की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प रही है। करीब छह साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 25 अक्टूबर 1991 को दोनों ने शादी की। उनकी शादी हिंदू और मुस्लिम दोनों रीति-रिवाजों के साथ-साथ रजिस्टर्ड मैरिज के रूप में हुई थी। शाहरुख और गौरी के तीन बच्चे हैं आर्यन खान, सुहाना खान और अबराम खान।
इस परिवार की सबसे खास बात यह है कि घर में दोनों धर्मों की परंपराओं का सम्मान किया जाता है। गौरी खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि दिवाली के मौके पर वह पूजा करती हैं और परिवार के बाकी सदस्य भी इसमें शामिल होते हैं। वहीं ईद के मौके पर शाहरुख खान आगे रहते हैं और पूरा परिवार उनके साथ त्योहार मनाता है। गौरी के मुताबिक, उनके बच्चों के लिए दिवाली और ईद दोनों ही खुशियों के त्योहार हैं। शाहरुख के घर में कुरान के साथ हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां भी रखी जाती हैं। यह परिवार अक्सर धार्मिक सौहार्द की मिसाल के रूप में चर्चा में रहता है।
2. सैफ अली खान और करीना कपूर
सैफ अली खान मुस्लिम पटौदी परिवार से आते हैं, जबकि करीना कपूर पंजाबी हिंदू परिवार से ताल्लुक रखती हैं। दोनों की मुलाकातों और नजदीकियों के बाद करीब पांच साल के रिश्ते के बाद 16 अक्टूबर 2012 को दोनों ने शादी की। सैफ और करीना के दो बेटे हैं तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान, जिन्हें प्यार से जेह कहा जाता है। इस परिवार में अलग-अलग त्योहारों को मनाने की परंपरा देखने को मिलती है। दिवाली के मौके पर करीना और सैफ अपने परिवार के साथ जश्न मनाते हैं, वहीं ईद पर भी परिवार में खास तैयारियां होती हैं।
सैफ ने अपने बच्चों की परवरिश और धर्म को लेकर बातचीत में कहा है कि उन्होंने बच्चों को यह समझाने की कोशिश की है कि ईश्वर एक है और उसके कई नाम हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बचपन में क्रिसमस भी दिवाली जितने उत्साह से मनाया जाता था। इस परिवार की कहानी बताती है कि बच्चों को एक से ज्यादा संस्कृतियों और परंपराओं से परिचित कराना भी परिवार की खूबसूरती हो सकती है।
3. सोहा अली खान और कुणाल खेमू
सोहा अली खान मुस्लिम पटौदी परिवार से आती हैं, जबकि उनके पति कुणाल खेमू हिंदू परिवार से हैं। दोनों की मुलाकात फिल्म 'ढूंढते रह जाओगे' के सेट पर हुई थी। साल 2009 में दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे और 25 जनवरी 2015 को मुंबई में एक निजी समारोह में शादी कर ली। इस कपल की एक बेटी है, जिसका नाम इनाया नौमी खेमू है। उनका जन्म सितंबर 2017 में हुआ था। सोहा और कुणाल के परिवार में दिवाली, ईद, होली, क्रिसमस और महाशिवरात्रि जैसे त्योहारों की खुशियां देखने को मिलती हैं।
दोनों अपनी बेटी को अलग-अलग संस्कृतियों और त्योहारों से परिचित करा रहे हैं। सोहा ने एक इंटरव्यू में सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए बताया था कि जब वह दिवाली की तस्वीरें पोस्ट करती हैं तो कुछ लोग उनसे रोजे को लेकर सवाल करते हैं। वहीं होली की तस्वीरें साझा करने पर पूछा जाता है कि वह कैसी मुस्लिम हैं। सोहा का कहना है कि ऐसी टिप्पणियों से अब उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। उनकी यह बात दिखाती है कि आज भी कुछ लोग त्योहार मनाने को धर्म के चश्मे से देखते हैं, जबकि त्योहारों की खुशी किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं होनी चाहिए।
4. राज बब्बर और नादिरा बब्बर
अभिनेता राज बब्बर हिंदू परिवार से आते हैं, जबकि उनकी पत्नी नादिरा बब्बर मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं। दोनों ने 21 नवंबर 1975 को शादी की थी। इस परिवार के तीन बच्चों का जिक्र मिलता है आर्य बब्बर, जुही बब्बर और प्रतीक बब्बर। इनमें प्रतीक बब्बर राज बब्बर के बेटे हैं, जो स्मिता पाटिल से हुए थे। राज और नादिरा के परिवार की खास बात उनकी बेटी जुही बब्बर ने एक इंटरव्यू में बताई थी।
जुही के मुताबिक, उनके घर में दिवाली और ईद दोनों ही पूरे उत्साह के साथ मनाई जाती हैं। परिवार का हर सदस्य इन मौकों पर साथ रहता है। जुही ने यह भी बताया था कि उनके परिवार में धर्म से ज्यादा संस्कृति और आपसी रिश्तों को महत्व दिया जाता है। उनके मुताबिक, परिवार के लिए त्योहार एक साथ आने और खुशियां बांटने का अवसर हैं।
5. मुमताज और मयूर माधवानी
हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मुमताज मुस्लिम परिवार में जन्मी थीं, जबकि उनके पति मयूर माधवानी गुजराती हिंदू व्यवसायी हैं। दोनों ने साल 1974 में शादी की थी। इस शादी से उनकी दो बेटियां हैं नताशा माधवानी और तान्या माधवानी। मुमताज ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके परिवार ने कभी हिंदू-मुस्लिम अंतर को अपने रिश्तों के बीच नहीं आने दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति शाकाहारी हैं, लेकिन उन्होंने कभी मुमताज पर खान-पान की अपनी पसंद बदलने का दबाव नहीं बनाया। मुमताज ने हिंदू देवी-देवताओं, खासकर भगवान शिव और गणेश के प्रति अपनी आस्था के बारे में भी बात की है।
c