नेशनल हैंडलूम डे 2025: जब बॉलीवुड दीवाज़ ने अपनाई भारतीय बुनाई की खूबसूरती

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 06-08-2025
National Handloom Day 2025: When Bollywood divas embraced the beauty of Indian weaves
National Handloom Day 2025: When Bollywood divas embraced the beauty of Indian weaves

 

नई दिल्ली

भारत 7 अगस्त, गुरुवार को अपना 11वां राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाने जा रहा है। यह दिन न सिर्फ देश की समृद्ध बुनाई परंपरा को उजागर करता है, बल्कि उन हुनरमंद बुनकरों को भी सम्मानित करता है, जो अपने हाथों की कारीगरी से भारतीय कपड़ों में जान डालते हैं।

भारत की हैंडलूम साड़ियाँ केवल एक परिधान नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं। ये साड़ियाँ न केवल देश में बल्कि विदेशों तक अपनी पहचान बना चुकी हैं। और जब बात हो परंपरा को फैशन के साथ जोड़ने की, तो बॉलीवुड की अभिनेत्रियाँ इस कड़ी को और भी खास बना देती हैं।
इस हैंडलूम दिवस पर आइए नजर डालते हैं उन बॉलीवुड सितारों पर जिन्होंने भारतीय बुनाई को अपनाया और उसे शान से दुनिया के सामने पेश किया।

आलिया भट्ट

‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ फेम आलिया भट्ट का हैंडलूम के प्रति प्रेम किसी से छुपा नहीं है। एक प्रमोशनल इवेंट में उन्होंने श्वेत जामदानी साड़ी पहनकर सभी का ध्यान खींचा। चाहे वो चंदेरी की नाजुक बुनावट हो या किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय दस्तकारी को बढ़ावा देना, आलिया ने सस्टेनेबल फैशन को एक जिम्मेदारी की तरह अपनाया है।

विद्या बालन

अगर हैंडलूम साड़ियों की बात हो और विद्या बालन का ज़िक्र न हो, तो बात अधूरी रह जाती है। विद्या न सिर्फ हैंडलूम पहनती हैं, बल्कि उसे अपनी पहचान का हिस्सा बना चुकी हैं। वह अक्सर भारतीय बुनाई के अलग-अलग रूपों को मंच पर गर्व से पहनती हैं और स्थानीय बुनकरों को समर्थन देने में आगे रहती हैं।

प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका ने पारंपरिक बुनाई को ट्रेंडी अंदाज़ में दुनिया के सामने पेश किया है। एक खास मौके पर उन्होंने 60 साल पुरानी बनारसी ब्रोकेड साड़ी पहनी, जो खादी सिल्क पर चांदी के धागों और सोने की इलेक्ट्रोप्लेटिंग से बनी थी। इस लुक ने बता दिया कि हैंडलूम कभी पुराना नहीं होता, वह बस और निखरता है।

दीपिका पादुकोण

दीपिका ने ग्लैमरस गाउन को छोड़कर एक रेड कार्पेट इवेंट के लिए चुनी मोरपंखी नीली बनारसी साड़ी। इस शाही लुक को उन्होंने हाई नेक फुल स्लीव्स ब्लाउज़, भारी गहनों और हल्के मेकअप के साथ कंप्लीट किया। उनका यह अंदाज़ बताता है कि पारंपरिक परिधान भी स्टाइल स्टेटमेंट हो सकते हैं।

दीया मिर्जा

दीया मिर्जा का हैंडलूम प्रेम जगजाहिर है। वह कई मौकों पर भारतीय बुनाई वाली साड़ी पहनती नजर आई हैं। कभी वह इसे क्लासिक अंदाज़ में पहनती हैं, तो कभी देती हैं इसे मॉडर्न ट्विस्ट। दीया ने हमेशा स्थानीय कारीगरों और उनके काम को प्रोत्साहित किया है।

इस राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस 2025 पर, आइए इन बॉलीवुड दीवाज़ से प्रेरणा लें और भारतीय बुनाई की विरासत को गर्व से अपनाएं। क्योंकि जब हम हैंडलूम पहनते हैं, तो हम केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि एक संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भर भारत की कहानी पहनते हैं।