Mohanlal starrer 'Drishyam 3' grosses over Rs 40 crore at the box office.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की मुख्य भूमिका वाली फिल्म "दृश्यम 3" ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 43.37 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
जीतू जोसेफ द्वारा निर्देशित यह फिल्म 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'सैकनिल्क' के अनुसार, इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 18.37 करोड़ रुपये की सकल कमाई और 15.85 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की है। वहीं, विदेशी बाजारों से फिल्म को 25 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल हुआ है।
"दृश्यम" फिल्म शृंखला की शुरुआत साल 2013 में मोहनलाल अभिनीत एक मलयालम फिल्म से हुई थी और इसका दूसरा भाग साल 2022 में आया था। इसके पिछले दोनों भागों का निर्देशन भी जोसेफ ने ही किया था।
“दृश्यम” की सफलता और लोकप्रियता के कारण इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, चीनी (मंदारिन) और सिंहली सहित कई भाषाओं में दोबारा बनाया गया।
दिवंगत निशिकांत कामत द्वारा निर्देशित और अजय देवगन के अभिनय से सजी इस फिल्म के हिंदी संस्करण को भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता मिली थी।