माइकल जैक्सन की 'माइकल' बनी दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 29-06-2026
Michael Jackson's 'Michael' becomes the highest-grossing biopic in the world.
Michael Jackson's 'Michael' becomes the highest-grossing biopic in the world.

 

लॉस एंजिल्स/नई दिल्ली।

दिवंगत पॉप सम्राट Michael Jackson के जीवन पर आधारित फिल्म Michael ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। जाफर जैक्सन अभिनीत इस फिल्म ने दुनियाभर में 97.7 करोड़ डॉलर यानी लगभग 977 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई कर अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

फिल्म ने इस मामले में निर्देशक Christopher Nolan की ऑस्कर विजेता फिल्म Oppenheimer को पीछे छोड़ दिया है। 'ओपेनहाइमर' ने वैश्विक स्तर पर 975 मिलियन डॉलर की कमाई की थी और अब तक यह रिकॉर्ड उसके नाम था।

इतना ही नहीं, 'माइकल' पहले ही दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली म्यूजिकल बायोपिक बन चुकी है। इसने वर्ष 2018 में रिलीज हुई प्रसिद्ध बैंड क्वीन पर आधारित फिल्म Bohemian Rhapsody को भी पीछे छोड़ दिया है। 'बोहेमियन रैप्सोडी' ने दुनियाभर में 911 मिलियन डॉलर का कारोबार किया था।

अमेरिका में फिल्म का वितरण Lionsgate ने किया, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसे Universal Pictures ने रिलीज किया। अप्रैल में रिलीज होने के बाद से फिल्म ने विदेशी बाजारों में 607.2 मिलियन डॉलर और घरेलू बाजार में 370.2 मिलियन डॉलर की कमाई की है।

फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक Antoine Fuqua ने किया है। फिल्म में माइकल जैक्सन के बचपन से लेकर विश्व प्रसिद्ध पॉप स्टार बनने तक के सफर को दिखाया गया है। कहानी की शुरुआत जैक्सन फाइव बैंड से होती है और यह माइकल के 'किंग ऑफ पॉप' बनने तक की यात्रा को दर्शाती है।

फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें माइकल जैक्सन की भूमिका उनके वास्तविक भतीजे Jaafar Jackson ने निभाई है। यह जाफर का अभिनय जगत में पहला कदम है। फिल्म में Colman Domingo और Nia Long ने माइकल के माता पिता जो और कैथरीन जैक्सन की भूमिका निभाई है।

यह परियोजना माइकल जैक्सन के परिवार के कई सदस्यों के सहयोग से विकसित की गई थी। गौरतलब है कि माइकल जैक्सन का वर्ष 2009 में 50 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

फिल्म के आधिकारिक विवरण के अनुसार, 'माइकल' महान लेकिन जटिल व्यक्तित्व वाले कलाकार का ईमानदार चित्रण प्रस्तुत करती है। फिल्म की कहानी वर्ष 1988 तक सीमित है और इसमें माइकल जैक्सन के वैश्विक सुपरस्टार बनने के सफर को दिखाया गया है। बाद के वर्षों में उन पर लगे विवादों और आरोपों को फिल्म में शामिल नहीं किया गया है।

एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में 'माइकल' अब लायंसगेट स्टूडियो की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है। इसने वर्ष 2013 की सुपरहिट फिल्म The Hunger Games: Catching Fire का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

फिल्म की जबरदस्त सफलता को देखते हुए अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि स्टूडियो माइकल जैक्सन के जीवन पर आधारित एक और फिल्म बनाने पर विचार कर सकता है।