आवाज द वाॅयस / वाॅशिंगटन
मार्शल आर्ट्स और एक्शन फिल्मों के बेताज बादशाह जैकी चैन ने अपने जीवन और करियर को लेकर एक बेहद भावुक संदेश साझा किया है। 71 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि दुनिया उन्हें भले ही "जैकी" के नाम से जानती हो, लेकिन उनकी पहचान, सोच और सफलता की असली नींव चीन ने रखी है। उन्होंने कहा कि चीन ने उन्हें सिर्फ फिल्में ही नहीं दीं, बल्कि वे कहानियां और जीवन मूल्य भी दिए जिन्होंने उन्हें आज का इंसान बनाया।
जैकी चैन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर चीन की विभिन्न ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जगहों की पुरानी तस्वीरें साझा कीं। इनमें वर्ष 2004 में बीजिंग स्थित ग्रेट वॉल ऑफ चाइना, 2010 के शंघाई वर्ल्ड एक्सपो एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर और 2019 में शांक्सी प्रांत के देशेंगबाओ की तस्वीरें शामिल हैं।
इन तस्वीरों को देखते हुए जैकी चैन ने अपने शुरुआती संघर्षों और फिल्मी सफर को याद किया। उन्होंने लिखा कि इन तस्वीरों में उन्हें अपने शुरुआती दिनों की मेहनत, उत्साह और युवा जोश साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि आज जब भी वह दुनिया के किसी भी देश में जाते हैं, लोग उन्हें प्यार से "जैकी" कहकर बुलाते हैं। यह उनके लिए सम्मान की बात है, लेकिन वह कभी नहीं भूलते कि इस सफर की शुरुआत कहां से हुई थी।
उन्होंने कहा कि फिल्मों ने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाई और सीमाओं से परे अपनी कहानियां सुनाने का अवसर दिया। लेकिन जितना अधिक उन्होंने दुनिया देखी, उतना ही उन्हें यह एहसास हुआ कि उनकी जड़ें चीन से जुड़ी हैं। उनके शब्दों में, "मुझे चीन ने बनाया है।"
जैकी चैन ने बताया कि दयालुता, ईमानदारी और कठिन परिस्थितियों में डटे रहने जैसे जीवन मूल्य उन्हें सुपरस्टार बनने से बहुत पहले अपने देश और अपने परिवेश से मिले थे। यही मूल्य आज भी उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय उन्होंने तीन बड़े सपने देखे थे। पहला सपना था कि चीनी सिनेमा पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए। दूसरा, चीनी फिल्मकारों को वैश्विक मंच पर सम्मान मिले। तीसरा, नई पीढ़ी को बेहतर अवसर और प्रेरणा मिले ताकि वे फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।
अब, जीवन के इस पड़ाव पर पहुंचकर जैकी चैन ने अपने सपनों में एक और इच्छा जोड़ दी है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि दुनिया भर के लोग चीन आएं, यहां की संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को करीब से जानें और उन कहानियों को महसूस करें जिन्होंने उन्हें एक कलाकार और इंसान दोनों के रूप में गढ़ा।
जैकी चैन का यह संदेश केवल अपने देश के प्रति प्रेम का इजहार नहीं है, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि सच्ची सफलता वही है, जिसमें इंसान अपनी पहचान और अपनी मिट्टी को कभी नहीं भूलता।