'3 इडियट्स' सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं: आमिर खान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-07-2026
'3 Idiots' is not based on Sonam Wangchuk: Aamir Khan
'3 Idiots' is not based on Sonam Wangchuk: Aamir Khan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अभिनेता आमिर खान ने कहा कि फिल्म '3 इडियट्स' में उनका किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। उन्होंने इसे "गलत धारणा" बताया, वहीं कार्यकर्ता के अनशन को लेकर चिंता जताई।
 
खान लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में सवाल-जवाब सत्र में शामिल हुए थे, जहां एक पत्रकार ने उनसे वांगचुक के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देने को कहा। इसका वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है।
 
फिल्म '3 इडियट्स' का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था और यह फिल्म 2009 में रिलीज हुई थी। इसमें आमिर ने फुनसुख वांगडू (रैंचो) की भूमिका निभाई थी।
 
खान ने कहा कि फिल्म बनाने के दौरान न तो उन्हें और न ही फिल्म के लेखकों को वांगचुक के बारे में जानकारी थी।
 
उन्होंने कहा, "नहीं, यह सही नहीं है। वास्तव में यह एक गलत धारणा है। जब हम फिल्म '3 इडियट्स' बना रहे थे, उस समय मुझे सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी। मैं आपको बताना चाहता हूं कि न तो राजू (राजकुमार हिरानी) और न ही फिल्म के लेखक अभिजात, और न ही मुझे वांगचुक के बारे में पता था। हम उन्हें नहीं जानते थे। हालांकि, सोनम जो काम कर रहे हैं, वह किसी भी स्थिति में अच्छा काम है। उनका सम्मान करने और उनके काम की सराहना करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि वह '3 इडियट्स' के किरदार पर आधारित हों।"
 
वांगचुक से जुड़ी एक खबर मंगलवार को उस समय सुर्खियों में आई, जब फिल्म में नजर आए ओमी वैद्य ने अपने 'एक्स' अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने दावा किया कि फिल्म में खान का किरदार इस कार्यकर्ता पर आधारित था। उन्होंने लोगों से वांगचुक की बिगड़ती सेहत की ओर ध्यान देने की अपील की।
 
खान ने कहा, "मुझे पता है कि मैंने हाल ही में चतुर (वैद्य द्वारा निभाया गया किरदार) का वीडियो देखा... वह गलत हैं।"
 
अभिनेता ने वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए अपनी बात खत्म की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हम सभी उनकी सेहत को लेकर बहुत चिंतित हैं... हम उम्मीद करते हैं कि इसका अच्छा परिणाम निकले। हम सभी उम्मीद कर रहे हैं कि वह अपना अनशन खत्म करें और अपनी सेहत का ध्यान रखें।"