आमिर बोले, सोनम वांगचुक पर बेस्ड नहीं थी 3 इडियट्स

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 17-07-2026
Aamir said '3 Idiots' was not based on Sonam Wangchuk.
Aamir said '3 Idiots' was not based on Sonam Wangchuk.

 

मुंबई।

बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान ने वर्षों से चली आ रही उस चर्चा पर आखिरकार विराम लगा दिया है, जिसमें कहा जाता रहा कि वर्ष 2009की सुपरहिट फिल्म '3इडियट्स' में उनका किरदार फुनसुख वांगडू शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से प्रेरित था। आमिर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह धारणा पूरी तरह गलत है और फिल्म बनाते समय न तो वे, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक को जानते थे।

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों के साथ बातचीत के दौरान आमिर खान से एक शख्स ने पूछा कि क्या फिल्म का मुख्य किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर आमिर ने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया कि यह केवल एक गलतफहमी है, जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा, "नहीं, यह सच नहीं है। यह एक गलत धारणा है। जब हम '3इडियट्स' बना रहे थे, तब हम सोनम वांगचुक को जानते ही नहीं थे।"

ओमी वैद्य के बयान का भी किया जिक्र

आमिर खान ने बातचीत के दौरान फिल्म में 'चतुर रामलिंगम' का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने ओमी का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने भी इस विषय पर अपनी राय रखी थी।

आमिर ने कहा, "मैंने हाल ही में चतुर यानी ओमी वैद्य का एक वीडियो देखा। उन्होंने भी कहा कि यह धारणा सही नहीं है। हो सकता है कि उस समय उन्हें ऐसा लगा हो, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि न राजू हिरानी, न अभिजात जोशी और न ही मैं, हममें से कोई भी सोनम वांगचुक को उस समय नहीं जानता था।"

तथ्य स्पष्ट करना जरूरी था

आमिर खान ने कहा कि वर्षों से यह चर्चा होती रही है, लेकिन कभी आधिकारिक रूप से इस पर स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इसलिए अब उन्होंने इसे साफ करना जरूरी समझा।उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक स्वयं भी कई बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि फिल्म का किरदार उन पर आधारित नहीं था। आमिर के मुताबिक, किसी व्यक्ति का सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं कि उस पर कोई फिल्म या किरदार बनाया गया हो।

उन्होंने कहा, "सोनम वांगचुक बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उनके काम का सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं कि '3इडियट्स' का किरदार उन्हीं पर आधारित हो। यह केवल एक तथ्यात्मक स्पष्टीकरण है।"

शिक्षा व्यवस्था पर व्यंग्य थी फिल्म

राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी '3इडियट्स' भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन और शर्मन जोशी ने तीन इंजीनियरिंग छात्रों की भूमिका निभाई थी। वहीं करीना कपूर, बोमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए थे।

फिल्म की कहानी दो अलग-अलग समय-रेखाओं में चलती है और भारतीय शिक्षा व्यवस्था, अंकों की दौड़ तथा पारंपरिक सोच पर व्यंग्य करती है। रिलीज के बाद फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए, बल्कि युवाओं और शिक्षकों के बीच भी व्यापक चर्चा का विषय बनी।

सोनम वांगचुक के काम की सराहना

हालांकि आमिर खान ने यह साफ कर दिया कि फिल्म का किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था, लेकिन उन्होंने उनके सामाजिक और शैक्षिक योगदान की खुलकर सराहना की।उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं और समाज उनके प्रयासों का सम्मान करता है। आमिर के अनुसार, किसी व्यक्ति के योगदान का मूल्यांकन किसी फिल्म से जोड़कर नहीं किया जाना चाहिए।

भूख हड़ताल पर जताई चिंता

कार्यक्रम के दौरान आमिर खान से सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर अभिनेता ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी लोग उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने कहा, "हम सभी उनके स्वास्थ्य और जीवन को लेकर चिंतित हैं। हमारी यही उम्मीद है कि यह स्थिति अच्छे तरीके से समाप्त हो और वे जल्द अपना अनशन खत्म कर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।"

लंबे समय से चल रही थी चर्चा

'3 इडियट्स' की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर यह दावा किया जाता रहा कि फिल्म का फुनसुख वांगडू वाला किरदार सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित है। हालांकि समय-समय पर सोनम वांगचुक भी इस दावे को खारिज करते रहे हैं।

अब आमिर खान के ताजा बयान के बाद इस बहस पर विराम लगने की उम्मीद है। अभिनेता ने स्पष्ट कर दिया है कि फिल्म के लेखक और निर्देशक ने यह किरदार स्वतंत्र रूप से विकसित किया था और इसका सोनम वांगचुक के जीवन से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था।