I am truly honoured: R. Madhavan on receiving the Padma Shri
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेता आर. माधवन ने कहा कि वह भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित होकर गहरी कृतज्ञता के साथ ही गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
‘रंग दे बसंती’, ‘विक्रम वेधा’, ‘3 इडियट्स’ और ‘तनु वेड्स मनु’ जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए तारीफ बटोरने वाले माधवन को मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया।
माधवन को भारतीय सिनेमा में विभिन्न भाषाओं और विधाओं में उनके उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर समारोह की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह पुरस्कार ग्रहण करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों और दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया।
माधवन ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘‘मैं पद्मश्री से सम्मानित होकर अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुझे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक से सम्मानित करने के लिए मैं भारत सरकार का हृदय से आभारी हूं। मैं महाराष्ट्र सरकार का भी धन्यवाद करता हूं, जिसने मेरे नाम की सिफारिश की और मेरे सफर पर विश्वास जताया। यह सम्मान मेरे जीवनभर की अमूल्य धरोहर रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी फिल्में देखने वाले, मेरे किरदारों को पसंद करने वाले, मेरी सफलताओं का जश्न मनाने वाले, मेरी कमियों को क्षमा करने वाले और वर्षों तक मेरा साथ देने वाले हर व्यक्ति के प्रति मैं आभारी हूं। यह सम्मान जितना मेरा है, उतना ही आप सभी का भी है। आपका स्नेह मेरे जीवन और करियर की हर उपलब्धि के पीछे प्रेरक शक्ति रहा है। आज मैं एक गहरी जिम्मेदारी भी महसूस कर रहा हूं।’’