मुंबई:
नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सज़ा' का आगामी एपिसोड मनोरंजन और ड्रामे से भरपूर होने वाला है। इस बार शो में बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा विशेष मेहमान के रूप में नजर आएंगे। शो के निर्माताओं ने आगामी एपिसोड का प्रोमो जारी किया है, जिसमें गोविंदा अपने चिर-परिचित हास्य अंदाज़ से सभी का मनोरंजन करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रोमो में शो की होस्ट फराह खान गोविंदा का गर्मजोशी से स्वागत करती हैं। बातचीत के दौरान गोविंदा अपनी पत्नी सुनीता आहूजा को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज़ में मज़ाक करते हैं। वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, "अरे, मैं जेब में गोली लेकर आया हूं... सीने पर मारना चाह रही थी, मार ले।" उनका यह बयान दर्शकों को खूब हंसाता है और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
गोविंदा का यह मज़ाक उनके साथ 2024 में हुई उस घटना की ओर भी इशारा करता है, जब उनके घर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चल गई थी और उनके पैर में चोट लग गई थी। उस समय उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर सर्जरी करानी पड़ी थी। अब उसी घटना को उन्होंने अपने खास अंदाज़ में हास्य का हिस्सा बना दिया।
गोविंदा की एंट्री ऐसे समय पर हो रही है, जब शो में उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पहले ही अपने वैवाहिक जीवन को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे कर चुकी हैं। शो के प्रीमियर एपिसोड में सुनीता ने दावा किया था कि गोविंदा के कई अफेयर रहे हैं और उनके वैवाहिक रिश्ते में तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी जैसी परिस्थितियां भी सामने आई थीं। हालांकि, दोनों के अलग होने की चर्चाओं के बावजूद गोविंदा और सुनीता ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
एक अन्य एपिसोड में सुनीता आहूजा अभिनेता राम कपूर से बातचीत के दौरान अभिनेत्री शिल्पा शिंदे के साथ हुए विवाद पर भी खुलकर बोली थीं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति उनके पति के बारे में टिप्पणी करने का अधिकार नहीं रखता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे उनके पति के कितने भी अफेयर क्यों न हों, यह उनका निजी मामला है और इस पर दूसरों को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
आगामी 'जजमेंट डे' एपिसोड में केवल हंसी-मजाक ही नहीं, बल्कि प्रतियोगियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। फराह खान और रितेश देशमुख प्रतिभागियों के व्यवहार की समीक्षा करेंगे और दर्शकों की जूरी का फैसला भी सुनाएंगे।
प्रतियोगी आकांक्षा चौधरी से घर के भीतर उनके आक्रामक व्यवहार को लेकर सवाल पूछे जाएंगे। फराह खान उन्हें याद दिलाती हैं कि गुस्से में किसी का करियर या सम्मान प्रभावित करना सही नहीं है और हर व्यक्ति को अपने व्यवहार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वहीं, अभिनेत्री शिल्पा शिंदे से प्रीमियम भोजन की मांग को लेकर सवाल किए जाएंगे।
इसी बीच, शो में एक और दिलचस्प मोड़ तब आया जब अभिनेत्री आकांक्षा चमोला द्वारा अपने वैवाहिक जीवन को लेकर किए गए खुलासों के बाद उनके पति और अभिनेता गौरव खन्ना ने विशेष अतिथि के रूप में शो में प्रवेश किया। आकांक्षा ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर बताया था कि दोनों पिछले एक वर्ष से अलग रह रहे हैं और उनका रिश्ता तलाक की ओर बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि 'लॉक अप: सच या सज़ा' का दूसरा सीजन 27 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है। फराह खान और रितेश देशमुख की मेजबानी वाला यह शो लगातार अपने विवादों, खुलासों और सेलिब्रिटी मेहमानों के कारण चर्चा में बना हुआ है।