फातिमा बोश: तबास्को से दुनिया की रानी बनने तक — मिस यूनिवर्स 2025 की प्रेरक प्रोफ़ाइल

Story by  अर्सला खान | Published by  [email protected] | Date 21-11-2025
Fatima Bosch: From Tabasco to Queen of the World—An Inspiring Profile of Miss Universe 2025
Fatima Bosch: From Tabasco to Queen of the World—An Inspiring Profile of Miss Universe 2025

 

अर्सला खान/नई दिल्ली

74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में मेक्सिको की फातिमा बोश ने वह इतिहास लिख दिया, जिसका इंतज़ार तबास्को प्रदेश ने वर्षों तक किया था। 25 वर्षीय फातिमा बोश ने न केवल मिस यूनिवर्स 2025 का खिताब जीता, बल्कि वह तबास्को की पहली महिला बन गईं जिन्होंने दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य ताज को अपने नाम किया। लेकिन चमकते ताज के पीछे छिपी है संघर्ष, साहस और असाधारण दृढ़ता की कहानी—फातिमा बोश की प्रोफ़ाइल कुछ यूं है:

फैशन डिज़ाइन की छात्रा से ग्लोबल आइकन तक

फातिमा बोश ने फैशन डिज़ाइन की पढ़ाई की है। फैशन की दुनिया में उनकी दिलचस्पी सिर्फ परिधानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे शुरुआत से ही सस्टेनेबल फैशन (Sustainable Fashion) को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रही हैं।
 
 
उनका मानना है कि फैशन तभी सुंदर है जब वह पृथ्वी और समाज दोनों के प्रति संवेदनशील हो। मिस यूनिवर्स मंच पर भी उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार फैशन को अपना मुख्य विषय बनाया।
 
 
डिस्लेक्सिया और ADHD को बनाया अपनी ताकत

फातिमा के सफर में चुनौतियाँ भी कम नहीं थीं। उन्हें बचपन से डिस्लेक्सिया और ADHD जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ा। जहाँ अक्सर ये दोनों स्थितियाँ बच्चों को मानसिक रूप से पीछे धकेल देती हैं, फातिमा ने इन्हें अपनी ताकत में बदल लिया। उन्होंने इंटरव्यू में साफ कहा—“मेरी चुनौतियों ने मुझे अलग बनाया है। मैं आज जो भी हूँ, उन्हीं वजहों से हूँ।” उनका आत्मविश्वास और स्पष्ट सोच प्रतियोगिता के दौरान खूब नज़र आई और जजों को प्रभावित कर गई।
 
 
तबास्को की पहली मिस यूनिवर्स, मेक्सिको की चौथी विजेता

फातिमा बोश की जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है— वह तबास्को की पहली महिला हैं जिन्होंने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता और वह मेक्सिको की चौथी मिस यूनिवर्स बनीं। उनकी इस उपलब्धि ने मेक्सिको विशेषकर तबास्को में खुशी की लहर दौड़ा दी है। उनके गृहनगर में जश्न मनाया जा रहा है और लोग उन्हें ‘Tabasco’s Pride’ कहकर सम्मान दे रहे हैं। मिस यूनिवर्स 2025 के रूप में फातिमा बोश ने तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर काम करने की घोषणा की है:उनका मानना है कि सुंदरता तभी सार्थक है जब वह समाज में बदलाव ला सके। 
 
 
 
विजन: मानसिक स्वास्थ्य, पर्यावरण और शिक्षा

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता
पर्यावरण-सुरक्षा एवं सस्टेनेबल फैशन
शिक्षा में समान अवसर
 
 
 
 
 
दुनिया के मंच पर मेक्सिको की नई पहचान

बैंकॉक में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में फातिमा बोश ने अपने सौंदर्य और व्यक्तित्व के साथ ही अपनी कहानी और ईमानदार सोच से दुनिया का दिल जीता। उनकी प्रोफ़ाइल यह साबित करती है कि “चुनौतियाँ मंज़िल रोक नहीं सकतीं, बल्कि उन्हें हासिल करने की ताकत देती हैं।” फातिमा बोश न सिर्फ मिस यूनिवर्स 2025 हैं, बल्कि वह अब लाखों युवाओं, खासकर उन बच्चों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं जो अपनी मुश्किलों से लड़ते हुए बड़े सपने देखते हैं।