फातिमा बोश ने जीता मिस यूनिवर्स 2025 का ताज, मेक्सिको के तबास्को की पहली विजेता बनीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2025
Fatima Bosch crowned Miss Universe 2025, becoming the first winner from Tabasco, Mexico
Fatima Bosch crowned Miss Universe 2025, becoming the first winner from Tabasco, Mexico

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बैंकॉक में आयोजित 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में मेक्सिको की फातिमा बोश ने इतिहास रच दिया। 25 वर्षीय बोश ने अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और अद्भुत व्यक्तित्व की बदौलत मिस यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम किया। वह तबास्को, मेक्सिको से आने वाली पहली महिला हैं जिन्होंने यह खिताब जीता है, जबकि समग्र रूप से वह मेक्सिको की चौथी मिस यूनिवर्स बनीं।
 
बैंकॉक के रंगीन मंच पर बोश ने शुरुआत से ही अपने संयम, गरिमा और प्रभावशाली उत्तरों से दुनिया का ध्यान खींचा। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने जिन चुनौतियों का सामना किया—जैसे डिस्लेक्सिया और ADHD—उन पर खुलकर बात की और बताया कि कैसे इन्हीं मुश्किलों को उन्होंने अपनी ताकत में बदला। उनके इस साहस और सकारात्मक नज़रिये ने जजों के साथ-साथ दर्शकों का दिल भी जीत लिया।
 
फातिमा बोश ने फैशन डिज़ाइन की पढ़ाई की है और वह लंबे समय से सस्टेनेबल फैशन को बढ़ावा देती रही हैं। उनका मानना है कि फैशन सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि ज़िम्मेदारी भी है—पर्यावरण की, समाज की और आने वाली पीढ़ियों की। मिस यूनिवर्स मंच पर भी उन्होंने इसी सोच को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
 
बोश की जीत मेक्सिको के लिए गर्व का क्षण है। तबास्को प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है, क्योंकि इतिहास में पहली बार यहां की किसी प्रतिभा ने दुनिया के सबसे बड़े सौंदर्य प्रतियोगिता का खिताब जीता है।
 
नई मिस यूनिवर्स 2025 के रूप में फातिमा बोश अब ग्लोबल मंच पर शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर काम करने की योजना बना रही हैं। उनकी जीत इस बात का संदेश देती है कि चुनौतियाँ चाहे कैसी भी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से हर सपना पूरा किया जा सकता है।