 
                                
मुंबई
बॉलीवुड का प्रतिष्ठित कपूर परिवार अब नेटफ्लिक्स के विशेष कार्यक्रम ‘डाइनिंग विद द कपूर्स’ में एक साथ दिखाई देगा। इस कार्यक्रम का प्रीमियर 21 नवंबर को होगा, जिसकी जानकारी नेटफ्लिक्स ने शुक्रवार को साझा की।
नेटफ्लिक्स ने बताया कि अरमान जैन द्वारा निर्मित यह विशेष डॉक्यूमेंट्री राज कपूर की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भावपूर्ण समारोह के रूप में तैयार की गई है। इस कार्यक्रम में रणधीर कपूर, नीतू कपूर, रीमा जैन, रणबीर कपूर, करीना कपूर खान, करिश्मा कपूर, सैफ अली खान, रिद्धिमा कपूर साहनी समेत परिवार के अन्य सदस्य हिस्सा लेंगे।
नेटफ्लिक्स के अनुसार, यह कार्यक्रम दर्शकों को कपूर परिवार की निजी झलक दिखाएगा। इसमें परिवार की विभिन्न पीढ़ियों की कहानियां, व्यंजन, फिल्मों के प्रति उनका प्रेम और हास्य की झलक देखने को मिलेगी।
इस विशेष डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन स्मृति मुंद्रा ने किया है, जिन्होंने इससे पहले नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय श्रृंखला ‘इंडियन मैचमेकिंग’ और ‘द रोमांटिक्स’ का निर्देशन किया था।
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, “जब कपूर खानदान राज कपूर के 100वें जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए एक साथ आता है, तो मेज पर खाने-पीने और ठहाकों के साथ प्यार और गर्मजोशी की भरमार होती है।”
रीमा जैन और मनोज जैन के बेटे अरमान जैन ने बताया कि यह कार्यक्रम उनके नाना राज कपूर को भावभीनी श्रद्धांजलि है। रीमा जैन, जो स्वयं राज कपूर की बेटी हैं, कहती हैं, “कपूर खानदान को एक साथ मेज पर देखकर ऐसा लगा जैसे पीढ़ियों की कहानियां जीवंत हो उठीं।”
‘डाइनिंग विद द कपूर्स’ का निर्माण अरमान जैन के बैनर तले किया गया है, जो कपूर परिवार की यादगार और खास पलों को दर्शकों के सामने लाता है।
