नीट पुन:परीक्षा में नकल के आरोप में छात्र हिरासत में

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-06-2026
Student detained for cheating in NEET re-exam
Student detained for cheating in NEET re-exam

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 
 
 
हैदराबाद में 21 जून को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनः परीक्षा में शामिल हुए 18 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर नकल करने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
आरोपी छात्र को शौचालय के भीतर अपने मोबाइल फोन पर उत्तर खोजते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
 
हैदराबाद पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अचम्पेट निवासी यह छात्र आदिबटला पुलिस थाना क्षेत्र के रागण्णागुडा में स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में सुबह करीब सात बजे आया था। उसने शौचालय के स्कूल की परिसर की दीवार से सटे होने के कारण उसके रोशनदान तक पहुंच बनाई और वहां एक मोबाइल फोन रख दिया।
 
इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे वह दोबारा शौचालय गया और फोन को एक जिप-लॉक कवर में बंद करके फ्लश टैंक के अंदर छिपा दिया।
 
पुलिस ने बताया, ‘‘हालांकि पुलिस टीम ने सुबह छह बजे और फिर 11 बजे पूरे परिसर का दो बार गहन निरीक्षण किया था, और प्रवेश द्वार पर सभी अभ्यर्थियों की सख्त तलाशी भी ली गई थी, लेकिन शुरुआती जांच के दौरान फ्लश टैंक के अंदर छिपाए गए फोन का पता नहीं लगाया जा सका।’’
 
परीक्षा के दौरान, आरोपी छात्र ने पेट दर्द की शिकायत की और शौचालय जाने का अनुरोध किया। पुलिस ने बताया कि यह शौचालय पूरे केंद्र के लिए एकमात्र सामान्य सुविधा थी, जो स्कूल की मुख्य इमारत से काफी दूर स्थित है।
 
जब परीक्षक ने गौर किया कि छात्र शौचालय से काफी देर तक नहीं लौटा तो उन्होंने जांच के लिए कुछ कर्मचारियों को भेजा।
 
पुलिस ने कहा कि आरोपी को शौचालय के अंदर मोबाइल फोन से उत्तर खोजते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल फोन जब्त कर लिया।