नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) और केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो को पूरी तरह फर्जी बताया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि NEET (UG) 2026 री-एग्जाम का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लीक हो गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई और पेपर लीक की खबरें निराधार हैं।
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वायरल वीडियो झूठा है और इसमें किए गए दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।
पीआईबी ने अपने बयान में कहा, “एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि NEET (UG) 2026 री-एग्जाम का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लीक हुआ था। यह दावा पूरी तरह फर्जी है। एनटीए के अनुसार पेपर लीक संबंधी सभी खबरें असत्य और भ्रामक हैं।”
एनटीए ने भी अलग से जारी बयान में कहा कि परीक्षा रविवार को देशभर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। एजेंसी ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।
एनटीए ने कहा कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर गलत सूचना फैलाना गंभीर अपराध है। एजेंसी ने बताया कि इस फर्जी वीडियो को तैयार करने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है।
एनटीए के अनुसार, “20 लाख से अधिक उम्मीदवारों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया का अधिकार है। ऐसे में गलत सूचनाएं फैलाकर छात्रों को भ्रमित करना और डर का माहौल बनाना स्वीकार्य नहीं है।”
गौरतलब है कि पिछले महीने हुई परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के बाद एनटीए ने री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया था। रविवार को आयोजित पुनर्परीक्षा में भारत के 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 14 केंद्रों पर 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की गई।
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि परीक्षा पूरी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि अब तक प्रश्नपत्र लीक से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।अभिषेक सिंह ने कहा, “एनटीए परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। हमें परीक्षा की सुरक्षा को लेकर सौ प्रतिशत विश्वास है।”
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और परिणाम सामान्य से अधिक तेजी से घोषित किए जाएंगे। एनटीए ने इस बार पूरे परीक्षा चक्र को रिकॉर्ड 37 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।एनटीए ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और एजेंसी के सत्यापित सोशल मीडिया खातों पर ही भरोसा करें तथा अफवाहों को आगे साझा करने से बचें।