NEET question paper leak case: Court orders framing of charges against 14 accused
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले में बुधवार को 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया।
विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने सभी आरोपियों को औपचारिक रूप से 21 नवंबर को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया।
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साक्ष्य नष्ट करने समेत विभिन्न अपराधों के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी आरोप तय किए जाएंगे।
अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 (कॉपीराइट का उल्लंघन) के तहत भी आरोप तय करने का आदेश दिया।
न्यायाधीश ने कहा कि मामले की सुनवाई 25 नवंबर से प्रतिदिन के आधार पर शुरू की जाएगी।