हैदराबाद।
मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU) के एक शोधार्थी ने तेलंगाना के मेदचल-मलकाजगिरी जिले के जंगलों में प्रागैतिहासिक काल की दुर्लभ शैल चित्रकलाओं की खोज की है। इन चित्रों को लगभग 5,000 से 2,500 वर्ष पुराना माना जा रहा है। यह खोज तेलंगाना के शमीरपेट मंडल के पोन्नाल गांव के वन क्षेत्र में की गई है।
विश्वविद्यालय के शोधार्थी कोंडावेती गोपी ने स्वतंत्र शोधकर्ता मोहम्मद नसीरुद्दीन और स्थानीय मार्गदर्शकों के सहयोग से इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान की।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, एक विशाल ग्रेनाइट चट्टान के भीतर प्राकृतिक रूप से बनी शैलाश्रय की छत पर लाल रंग से कई प्राचीन चित्र बनाए गए हैं। इनमें मानव आकृतियां, शिकार के दृश्य, विभिन्न जंगली जानवर, ज्यामितीय आकृतियां और अमूर्त डिजाइन शामिल हैं।
ये चित्र प्रागैतिहासिक मानव समुदायों के रहन-सहन, कलात्मक कौशल और प्रकृति के साथ उनके संबंधों को समझने के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जा रहे हैं। खासतौर पर शिकार से जुड़े चित्र उस दौर के लोगों की शिकार करने की तकनीक, सामुदायिक जीवन और आजीविका के तरीकों की जानकारी देते हैं।
शैलाश्रय में कई तरह की ज्यामितीय और अमूर्त आकृतियां भी दिखाई देती हैं। इनमें तारे या सूर्य जैसी आकृतियां, चारों तरफ फंदेनुमा डिजाइन वाले चौकोर निशान, घंटे के आकार और डमरू जैसी आकृतियां तथा घुमावदार टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएं शामिल हैं।
सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDS) की निदेशक प्रोफेसर सलमा अहमद फारूकी के अनुसार, कोंडावेती गोपी हैदराबाद स्थित MANUU में गोदावरी घाटी की महापाषाणकालीन संस्कृति (Megalithic Culture) पर शोध कर रहे हैं।
वह प्राचीन पत्थर की संरचनाओं, कब्रगाहों, शैल चित्रकलाओं और प्रागैतिहासिक संस्कृतियों पर क्षेत्र आधारित अध्ययन कर रहे हैं।इससे पहले पिछले वर्ष भी गोपी ने तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पलवांचा के पास एक महत्वपूर्ण प्रागैतिहासिक शैल कला स्थल की खोज की थी।
शोधकर्ताओं का कहना है कि पोन्नाल का यह शैलाश्रय हजारों साल पुराने मानव अनुभवों, प्रकृति के साथ उनके संबंधों और उस दौर की कलात्मक अभिव्यक्तियों का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
उन्होंने इस ऐतिहासिक धरोहर की पहचान करने, वैज्ञानिक तरीके से उसका अध्ययन करने और उसे संरक्षित रखने की जरूरत पर जोर दिया। शोधकर्ताओं के मुताबिक, आने वाली पीढ़ियों के लिए इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।