अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के शिया धर्मशास्त्र विभाग और इस्लामिक स्टडीज विभाग ने ईरान की अल-मुस्तफा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर आयतुल्लाह सैयद कमाल हुसैनी के साथ अलग-अलग अकादमिक संवाद आयोजित किए। इन बैठकों का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान और संयुक्त शोध की संभावनाओं तलाशना था।
शिया धर्मशास्त्र विभाग में आयोजित बैठक के दौरान प्रोफेसर हुसैनी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान अकादमिक और शोध संबंधों को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि धर्मशास्त्र और इस्लामिक स्टडीज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए सहयोग की संभावनाओं को लेकर वह संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाएंगे।
विभाग के अध्यक्ष डॉ. असगर एजाज ने अतिथि का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इस संवाद से दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक शैक्षणिक सहयोग का रास्ता खुलेगा।
इस्लामिक स्टडीज विभाग में दूसरा अकादमिक संवाद प्रोफेसर एन. अकमल अय्यूबी कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया। विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर आदम मलिक खान ने अतिथि का स्वागत करते हुए अल-मुस्तफा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के सहयोग से अल्पकालिक अकादमिक और शोध पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव रखा।
डॉ. अहमद मजलिसी ने अतिथि का परिचय कराया और ईरान की अल-मुस्तफा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक एवं शोध संबंधी योगदान पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में प्रोफेसर हुसैनी ने व्यक्तिगत और सामाजिक विकास में ज्ञान, अध्ययन और शोध के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शोधार्थियों से व्यापक अध्ययन की आदत विकसित करने, विषयों का गहराई से अध्ययन करने और अकादमिक ईमानदारी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध शोध सामग्री और विद्वतापूर्ण संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया।
ईरानी सभ्यता और संस्कृति में विभाग की रुचि की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्यता को समझने के लिए उसकी भाषा, इतिहास, साहित्य, धर्म और बौद्धिक परंपराओं का गहराई से अध्ययन करना जरूरी है।
इस अवसर पर प्रोफेसर हुसैनी ने इस्लामिक स्टडीज विभाग के पुस्तकालय का भी दौरा किया। पुस्तकालयाध्यक्ष अनीस अहमद ने उन्हें वहां उपलब्ध सुविधाओं और संग्रह की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में इस्लामिक स्टडीज, कुरआन अध्ययन, हदीस, सीरत, इस्लामी इतिहास और संबंधित विषयों पर विभिन्न भाषाओं में लगभग 80 हजार पुस्तकें और शोध पत्रिकाएं उपलब्ध हैं। प्रोफेसर हुसैनी ने पुस्तकालय के विशाल संग्रह और उसके बेहतर प्रबंधन की सराहना की।
इस दौरान धर्मशास्त्र संकाय के पूर्व डीन और सर सैयद अकादमी के पूर्व निदेशक प्रोफेसर अली मुहम्मद नकवी भी अतिथि के साथ मौजूद रहे। इस्लामिक स्टडीज विभाग के कार्यक्रम में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर जियाउद्दीन ने किया, जबकि विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर अब्दुल हमीद फाजिली ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अकादमिक संवाद को एएमयू और ईरान की अल-मुस्तफा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने तथा इस्लामी अध्ययन और शोध के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।