पारंपरिक चिकित्सा में भारत-उज्बेकिस्तान के योगदान पर एएमयू में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आज

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
International seminar on India-Uzbekistan contributions to traditional medicine to be held at AMU today
International seminar on India-Uzbekistan contributions to traditional medicine to be held at AMU today

 

अलीगढ़।

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में 14 नवंबर को पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में भारत और उज्बेकिस्तान के योगदान पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों देशों के प्रख्यात शिक्षाविद, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। संगोष्ठी का उद्देश्य दोनों देशों की साझा चिकित्सा विरासत को सामने लाने के साथ अकादमिक आदान-प्रदान और संयुक्त शोध की नई संभावनाएं तलाशना है।

इस संबंध में एसएस हॉल (साउथ) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उज्बेकिस्तान से आए प्रतिनिधिमंडल और एएमयू के शिक्षकों ने संगोष्ठी के उद्देश्यों, शैक्षणिक महत्व और भारत-उज्बेकिस्तान के बीच पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी दी।

उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल ने एएमयू की कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून से भी मुलाकात की। इस दौरान कुलपति ने भारत और उज्बेकिस्तान के बीच चिकित्सा के क्षेत्र में ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से यूनानी चिकित्सा शिक्षा पर इब्न सीना की प्रसिद्ध पुस्तक 'कानून-ए-तिब' के स्थायी प्रभाव को रेखांकित किया।

प्रोफेसर नईमा खातून ने उम्मीद जताई कि इस यात्रा से दोनों देशों के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के बीच निरंतर अकादमिक आदान-प्रदान तथा संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।

भारत और उज्बेकिस्तान के 80 प्रतिनिधि होंगे शामिल

संगोष्ठी में भारत के विभिन्न हिस्सों से करीब 80 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां के इब्न सीना पब्लिक फाउंडेशन के अध्यक्ष मखमुदोव नाजिमखोन करेंगे।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता एएमयू की कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून करेंगी। जामिया हमदर्द, नई दिल्ली के कुलपति प्रोफेसर मलिक जै़न-उल-आबिदीन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भारत में उज्बेकिस्तान के राजदूत सरदार मिर्जायुसुपोविच रुस्तमबायेव विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यूनानी चिकित्सा और पारंपरिक उपचार पद्धतियों पर होगा मंथन

संगोष्ठी के विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों में भारत और उज्बेकिस्तान के पारंपरिक चिकित्सा क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान, यूनानी चिकित्सा की शास्त्रीय परंपराओं और उनकी आधुनिक प्रासंगिकता पर चर्चा होगी।

इसके अलावा औषधीय पौधों, पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों, पारंपरिक दवाओं के वैज्ञानिक सत्यापन और मानकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

संगोष्ठी में संयुक्त शोध परियोजनाओं और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के बीच साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।इस अवसर पर 'एएमयू-उज्बेकिस्तान और यूनानी चिकित्सा: एक साझा विरासत' विषय पर विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

आयोजकों के मुताबिक, यह संगोष्ठी भारत और उज्बेकिस्तान के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं चिकित्सा संबंधों को नई दिशा देने और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।