डूसू चुनाव : नये छात्रों से संपर्क कर रहे हैं छात्र समूह, घोषणापत्र पर मांगा सुझाव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-08-2026
DUSU elections: Student groups contact new students, seek suggestions on manifesto
DUSU elections: Student groups contact new students, seek suggestions on manifesto

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनावों से पहले छात्र संगठनों ने विभिन्न महाविद्यालयों में अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। उम्मीदवार नये छात्रों से संपर्क कर रहे हैं और घोषणा-पत्र में शामिल किए जाने वाले मुद्दों पर उनसे सुझाव मांग रहे हैं।
 
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) महाविद्यालयों का दौरा कर रहा है और छात्रों की समस्याओं को उजागर कर रहा है, जिनमें अवसंरचना, वाई-फाई सुविधाएं, नियमित कक्षाएं और कैंटीन का खाना शामिल है।
 
इस अभियान में शामिल एनएसयूआई के एक सदस्य ने बताया कि 2025 में उपाध्यक्ष का पद जीतने वाले राहुल झांसला ने “मेरा कैंपस, मेरा घोषणा-पत्र” पहल के तहत अभियान चलाया था।
 
संगठन के सदस्यों ने बताया कि छात्रों से सुझाव लेने के लिए संगठन इस साल भी वही पहल चला रहा है।
 
वहीं दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नये छात्रों से आमने-सामने की मुलाकातों के जरिये संवाद कर रही है।
 
“मेरा डीयू, मेरा घोषणा-पत्र” अभियान के तहत, संगठन छात्रों से सुझाव इकट्ठा कर रहा है और उन्हें अपने चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल करने की योजना बना रहा है।