पैगंबर मोहम्मद साहब को गैर मुस्लिम शायरों की श्रद्धांजलि

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 09-10-2022
बारगाह-ए-रिसालत में ग़ैर-मुस्लिम शायरों का नज़राना
बारगाह-ए-रिसालत में ग़ैर-मुस्लिम शायरों का नज़राना

 

wasayप्रो. अख़्तरुल वासे

नात-गोई, शायरी की सबसे पुरानी विधाओं में से एक है. अगर देखा जाए तो नात ‎की शैली तो पवित्र कुरान में मौजूद है, लेकिन कुरान शायरी की किताब नहीं है और ‎नात-गोई शायरी है. इसलिए नात-गोई की कला के संस्थापक हज़रत अबू तालिब हैं, जो ‎पैग़ंबर मुहम्मद (सल्ल.) के चाचा हैं.

हजरत अबू तालिब ने नात-गोई की शुरूआत की. ‎जनाब हसन बिन साबित और काब बिन ज़हीर ने इसको आगे बढ़ा कर एक ऐसा माहौल ‎बनाया कि अलग-अलग भाषाओं में हजारों लोगों ने मस्त होकर इस बाग़ को रोशनी और ‎‎ख़ूशबू से सजाते व महकाते रहे.
 
यह विधा इतनी मनमोहक है कि जैसे इसमें भाषा की क़ैद ‎समाप्त हो गई हो, एक समय ऐसा भी आया जब धर्म भी नात के आड़े नहीं आयाए और ‎अनगिनत ग़ैर-मुसलमानों को यह नारा देते देखा गयाः‎
 
इश्क़ हो जाए किसी से कोई चारा तो नहीं

सिर्फ़ मुस्लिम का मुहम्मद पे इजारा तो नहीं

और कहीं ये आवाजें गूंजने लगींः‎

मोमिन ही के दिल में नहीं सौदाए मुहम्मद

हर दिल में है फ़िदा-ए-रुख़-ए-ज़ेबाए मुहम्मद

हिंदुस्तान की भूमि, जिसे मज़हब और धर्म से विशेष लगाव है, और जो अपनी ‎उदारता और सहिष्णुता के लिए बेमिसाल है. इस भूमि पर शायरों ने नात कहने के लिए ‎अरबी और फ़ारसी की भी नकल की और यहाँ के रंग और मिज़ाज में रची बसी एक नई ‎‎शैली भी तैयार की.
 
मिसाल के लिए मोहसिन काकोरी का क़सीदा (वह शायरी जिसमें ‎किसी की तारीफ़ या आलोचना की जाए) हैः‎
 
सिम्त काशी से चला जानिब-ए-मथुरा बादल

बर्क़ के काँधे पे लाती है सबा गंगाजल

‎यह कविता शुद्ध भारतीय शैली है. इसमें भारतीय पौराणिक पात्रों को नात से जोड़ा ‎गया है. जिस तरह इस धरती पर मुसलमानों ने पैगंबर की नात के ये गीत गाए, उसी तरह ‎हिंदुओं ने भी इस मैदान में नम्रता और अनुग्रह के साथ सलाम किया और ऐसे भक्ति गीत ‎पेश किए जो पूरी तरह से भावना में डूबे हुए थे.
 
कई शायरों के पास नात इतने ज़्यादा हैं ‎कि उनके कई संग्रह प्रकाशित हुए. जैसे काली दासगुप्ता रज़ा ने अपनी नातों का संग्रह ‎‎‘‘उजाला’’ के नाम से प्रकाशित किया और ऐसे कई शायर हैं जिन्होंने एक या कुछ नातें ‎कही हैं.
 
हिंदू शायरों की शायरी से बहुत से लोग लाभान्वित होते रहते हैं, लेकिन इसके ‎बावजूद यह सबकी पहुँच से बाहर थे. अखबारों, पत्रिकाओं और दीवान (ग़ज़लों की पुस्तक) ‎में छपे इस बाग़ को फिर से सजाने का सौभाग्य धर्मेंद्र नाथ को मिला.
 
धर्मेंद्रनाथ ‎इसके हक़दार थे कि उन्हें यह खुशी मिलती. उन्होंने अपना अधिकांश जीवन इसी मैदान में ‎बिताया. वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पुराने लोगों में से हैं और जामिया की ‎मज़हबी रंगारंगी की अजीबो-ग़रीब मिसाल हैं.
 
जामिया का यह नियम है कि जब भी यहां ‎कोई सभा या संगोष्ठी आयोजित होती है तो उसकी शुरुआत पवित्र कुरान के पाठ से होती ‎है. जामिया की यह परंपरा यहां का अदब और यहाँ का तरीक़ा है, कोई धार्मिक पक्षपात ‎नहीं.
 
इसका जीता-जागता सबूत हैं डॉ. धर्मेन्द्रनाथ, जिन्होंने जामिया की चारदीवारी में ‎कई सभाओं के प्रारंभ में पवित्र कुरान की तिलावत करने का सौभाग्य प्राप्त किया.
 
डॉ. धर्मेंद्रनाथ अपने छात्र जीवन से ही पैगंबर मुहम्मद की ज़िंदगी से बहुत ज़्यादा ‎लगाव था. जब वे माध्यमिक विद्यालय में थे, उस समय उन्होंने दिल्ली के सभी मुस्लिम ‎स्कूलों में जीवनी पर भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था.
 
विद्यार्थी काल का ‎‎यह जोश और शौक़ जान से ज़्यादा प्यारा बना रहा और समय बीतने के साथ उसमें ‎परिपक्वता आती गयी. आज उनकी लगन और लगाव की चमक के साथ उनकी अनूठी ‎किताब ‘‘हमारे रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम’’ के रूपर में हमारे सामने मौजूद ‎है.
इस मोटी किताब में उन्होंने गैर-मुस्लिम उर्दू शायरों के नातों का संग्रह किया है. ‎अपनी तरह की इस अनूठी किताब में उर्दू के 394, फारसी के 25, हिंदी के 7, पंजाबी के 4, ‎गुजरी का 1, सिंधी के 2 और मराठी के 2 हिंदू शायरों के नातिया कलाम और उनकी ‎संक्षिप्त जीवनी संबंधी जानकारी एकत्र की गई है.
 
यह पुस्तक इस्लामिक गणराज्य, ईरान ‎के दिल्ली दूतावास द्वारा प्रकाशित की गई है. यह पुस्तक में केवल शायरों की शायरी नहीं ‎है बल्कि यह पुस्तक नातगोई की कला का एक व्यापक संग्रह भी है.
 
लगभग 250 पृष्ठों में ‎नातगोई का इतिहास, नातगोई की कला में दिलचस्पियाँ और नातगोई में शायरों के विभिन्न ‎अनुभवों का वर्णन किया गया है. उसके बाद शायरों की शायरी और उनके हालात लिखे ‎गए हैं और इस भाग का नाम ‘‘गुलशन-ए-बेख़िज़ाँ’’ रखा है जो वाक़ई ऐसी बहार है ‎जिसमें किसी ख़िज़ाँ का गुज़र नहीं.
 
पुस्तक समर्पित है वरफ़ा‘ना लका ज़िकरक (और हमने ‎तुम्हारे लिए तुम्हारा ज़िक्र बुलंद कर दिया) के हवाले से स्वयं पैगंबर मुहम्मद सल्ल. के नाम ‎पर, और इसकी प्रासंगिकता का वर्णन करते हुए, यह उन प्रबुद्ध दिमागों के नाम पर एक ‎व्यावहारिक समर्पण है जिन्होंने सभी में हक़ की रौशनी देखी है.
 
डॉ. धर्मेंद्रनाथ, जो निस्संदेह अपने पिता पंडित गोपीनाथ अमन लखनवी के असली ‎उत्तराधिकारी और उनकी परंपरा के संरक्षक हैं, ने इस पुस्तक को संकलित करके एक ‎महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.
 
इसमें हम उपमहाद्वीप की सांस्कृतिक परंपरा में निहित ‎नात-गोई और पैग़म्बर मुहम्मद की बारगाह में श्रद्धांजलि के फूल नज़र आते हैं. तुलसीदास ‎को हम रामायण के हवाले जानते हैं.
 
लेकिन लोग नातगोई में उनके ख़ूबसूरत प्रयासों से ‎वाक़िफ़ नहीं, जब वे कहते हैंः‎
 
तब तक जो सुन्दरम् चहे कोई

बिना मुहम्मद पार न होई

और शुद्ध हिंदी रंग में डूबी हुई राग खमांच में इस क़व्वाली की दाद तो दिलचस्पी लेने ‎वाले ही दे सकते हैंः‎
 
जग ज्योति, स्वामी अवतारी, तेरे रूप की वारी सैयदना

मनमोहन गिरधर, गिरधारी, तेरे रूप की वारी सैयदना

रघुपति सहाय फ़िराक़ गोरखपुरी की रुबाईः ‎
 
अनवार बेशुमार मादूद नहीं

रहमत की शाहराह मसदूद नहीं

मालूम है कुछ तुमको मुहम्मद का मक़ाम

वह उम्मत-ए-इस्लाम में महदूद नहीं
यह किताब वास्तव में फ़िराक़ गोरखपुरी की उसी रुबाई (चौपाई) की व्याख्या है कि ‎नात-ए-मुहम्मद (सल्ल.) इस्लाम के मानने वालों तक सीमित नहीं हैं बल्कि और भी सैकड़ों ‎‎ऐसे हैं जो इस्लाम धर्म का पालन नहीं करते हैं लेकिन नातगोई की महफ़िलों में भाग लेते ‎रहते हैं.
 
उनका यह भाग लेना वास्तव में उस सहिष्णुता और उदारता की मिसाल है जो ‎हिंदुस्तान के समाज व मज़हब में रची बसी है.‎ख़ूबसूरत राइटिंग से सजी, कागज पर सुंदर अलंकृत आवरण से सजी यह पुस्तक ‎अत्यंत प्रशंसनीय उपलब्धि है.
 
आज ज़रूरत इस बात की है कि इस तरह के प्रयासों की ‎सराहना की जाए और इसको आगे बढ़ाया जाए.
 
‎(लेखक जामिया मिल्लिया इस्लामिया के प्रोफेसर एमेरिटस (इस्लामिक स्टडीज) हैं।)‎