एआई बाजार में क्यों है एनवीडिया का दबदबा, हुआंग के विवाद से कंपनी पर संकट के आसार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-11-2026
Why Nvidia dominates the AI ​​market, and Huang's controversy could pose a threat to the company.
Why Nvidia dominates the AI ​​market, and Huang's controversy could pose a threat to the company.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक जेनसन हुआंग ने हाल ही में विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, यह मामला केवल गपशप तक सीमित नहीं है क्योंकि इस संबंध में शामिल महिला एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया एजेंट होने का आरोप लगाया गया है।
 
कंप्यूटर चिप, खासकर कृत्रिम मेधा (एआई) प्रणालियों को विकसित करने और संचालित करने में इस्तेमाल होने वाली चिप, भू-राजनीतिक शक्ति और प्रभाव के लिए अमेरिका तथा चीन के बीच प्रतिद्वंद्विता का एक प्रमुख पहलू बन गई हैं। सबसे उन्नत एआई के लिए सबसे शक्तिशाली चिप की जरूरत होती है और अमेरिका ने इन चिप तक चीन की पहुंच सीमित करके अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश की है।
 
चीनी सरकार जासूसी के आरोपों को खारिज कर रही है, लेकिन खबरों के मुताबिक, एलिस हुआंग की अमेरिका में कई वर्षों से जांच चल रही है।
 
ऐसे में सवाल उठता है कि एनवीडिया में ऐसा क्या खास है? चीन की इसमें क्या दिलचस्पी है? और अगर जेनसन हुआंग संकट में पड़ते हैं, तो उनके साथ और क्या-क्या प्रभावित हो सकता है?
 
---- दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप कंपनी ----
 
एनवीडिया एआई और डेटा सेंटर में इस्तेमाल होने वाली उच्च क्षमता की चिप की दुनिया की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनी है। कुछ अनुमानों के मुताबिक, इस बाजार में उसकी हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक है।
 
कई लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन वाली इस कंपनी की शुरुआत ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) नामक चिप बनाने से हुई थी। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से वीडियो गेम में होता था। हालांकि, बाद में पता चला कि ये चिप और इनके उन्नत संस्करण एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने और उनका इस्तेमाल करने के लिए जरूरी जटिल गणनाओं के लिहाज से बेहद उपयुक्त हैं।
 
गूगल और एएमडी जैसी अन्य कंपनियों ने भी गति और दक्षता के मामले में एनवीडिया को टक्कर देने वाली चिप बनाने की कोशिश की है, लेकिन कोई भी एआई बाजार में उसके दबदबे को खत्म नहीं कर पाया है।
 
---- चीन की दिलचस्पी की वजह ----
 
इसका नतीजा यह है कि चीन के एआई विकास को धीमा करने की अमेरिकी सरकार की रणनीति में एनवीडिया की अहम भूमिका रही है। वर्ष 2022 से एनवीडिया की सबसे शक्तिशाली चिप की चीन को बिक्री पर प्रतिबंध लगा हुआ है, हालांकि पिछले साल इन प्रतिबंधों में कुछ ढील दी गई थी।