रुपया सात पैसे मजबूत होकर 93.70 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-11-2026
Rupee strengthens by 7 paise to 93.70 per dollar
Rupee strengthens by 7 paise to 93.70 per dollar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 93.70 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी पूंजी के निरंतर प्रवाह, वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में नरमी की संभावना से रुपये को समर्थन मिला।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार के आठ महीने के उच्च स्तर पर पहुंचने, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की लिवाली से रुपये को मजबूती मिली। हालांकि, डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में तेजी ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा।
 
अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति उम्मीद से अधिक रहने के कारण डॉलर मजबूत हुआ। इससे दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में वृद्धि की संभावना बढ़ गई है।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.71 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.63 के उच्च स्तर तक गया और 93.88 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 93.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की बढ़त है।
 
‘दिवाली बलिप्रतिपदा’ के अवसर पर मंगलवार को घरेलू शेयर और मुद्रा बाजार बंद रहे थे। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे चढ़कर 93.77 पर बंद हुआ था।