शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी: सेंसेक्स 559 अंक चढ़ा, निफ्टी 25,500 के पार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-02-2026
Stock markets rise in early trade: Sensex rises 559 points, Nifty crosses 25,500
Stock markets rise in early trade: Sensex rises 559 points, Nifty crosses 25,500

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखी गई। पिछले सत्र की भारी गिरावट से उबरते हुए आईटी शेयर में खरीदारी और वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझान इसकी मुख्य वजह रही।
 
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 558.79 अंक चढ़कर 82,784.71 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 157.05 अंक की बढ़त के साथ 25,581.70 अंक पर पहुंच गया।
 
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, पावर ग्रिड और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही।
 
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।
 
बीएसई आईटी सूचकांक शुरुआती कारोबार 2.08 प्रतिशत चढ़कर 29,850.09 पर कारोबार कर रहा था।
 
कृत्रिम मेधा (एआई) के कारण होने वाले व्यवधान की चिंताओं के बीच मंगलवार को आईटी शेयर में भारी गिरावट आई थी।
 
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग उल्लेखनीय रूप से बढ़त में रहे।
 
अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.31 डॉलर प्रति बैरल रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 102.53 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,161.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।