कच्चे तेल में तेजी से शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार लुढ़का

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-07-2026
Stock markets fall in early trade on rise in crude oil prices
Stock markets fall in early trade on rise in crude oil prices

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट रही।
 
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 523.22 अंक टूटकर 77,628.23 अंक पर और एनएसई निफ्टी 134.10 अंक फिसलकर 24,198.25 अंक पर रहा।
 
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर तिमाही नतीजों की घोषणा के बाद करीब पांच प्रतिशत तक टूट गए। कोटक महिंद्रा बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति और बजाज फाइनेंस के शेयर भी नुकसान में रहे।
 
वहीं, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर बढ़त में रहे।
 
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब एक प्रतिशत चढ़ा। अप्रैल-जून तिमाही में मजबूत प्रदर्शन के बाद कंपनी के शेयर में तेजी आई।
 
एशियाई बाजारों में, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.35 प्रतिशत लुढ़क गया।
 
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 90.22 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 376.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
 
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 1.25 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।