शेयर बाजार में दो दिन की गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 444 अंक चढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-07-2026
Stock market ends two-day losing streak, Sensex rises 444 points
Stock market ends two-day losing streak, Sensex rises 444 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच लगातार दो सत्र की गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी दर्ज की गई।
 
बीएसई सेंसेक्स 443.97 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,922.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 631.41 अंक यानी 0.82 प्रतिशत चढ़कर 77,110.08 अंक तक पहुंच गया।
 
एनएसई निफ्टी 140.10 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,005.85 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटर्नल, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। वहीं एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाटा स्टील और इन्फोसिस के शेयर गिरावट में रहे।
 
बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.20 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई, जबकि बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक महज 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
 
बजाज ब्रोकिंग रिसर्च के अनुसार, ‘‘भारतीय शेयर बाजारों ने सकारात्मक रुख के साथ शुरुआत की और कारोबार के दौरान बढ़त बनाए रखी। वैश्विक बाजारों में बेहतर माहौल, वैश्विक तनाव में कमी और कच्चे तेल की स्थिर कीमतों ने बाजार को समर्थन दिया।’’
 
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट के साथ बंद हुआ। हांगकांग के बाजार में आज अवकाश था।