आवाज द वाॅयस /नई दिल्ली
पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान में बीच रास्ते में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण विमान को वापस पुणे हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। यह जानकारी एक सूत्र ने दी।
स्पाइसजेट ने बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से लैंडिंग कर गया और यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतारा गया।
सूत्र ने बताया, "स्पाइसजेट का बोइंग 737 विमान तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली के लिए उड़ान भरने के लगभग एक घंटे बाद ही वापस पुणे लौट आया। इस दौरान विमान में ‘फ्लैप ट्रांजिट लाइट’ जल गई थी, जिसके बाद पायलटों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुणे वापसी का निर्णय लिया।"
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24.कॉम’ के अनुसार, उड़ान संख्या एसजी 937 निर्धारित समय से 40 मिनट लेट सुबह 6:40 बजे पुणे से उड़ान भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इस उड़ान का दिल्ली पहुंचने का समय सुबह 8:10 बजे था।
स्पाइसजेट ने बताया कि चालक दल ने मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार सभी आवश्यक जांच की और एहतियात के तौर पर ही विमान वापस लाया गया।
बयान में यह भी कहा गया कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में सीट दी जा रही है या उन्हें पूरा किराया वापस किया जा रहा है।