आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा पुलिस ने 2025 में चलाए गए विशेष अभियानों के तहत अब तक 1,078 लड़कियों समेत 1,209 लापता बच्चों और 6,667 लापता महिलाओं को बचाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन अन्वेषण’ के दौरान कुल 358 लापता बच्चों और 2,059 महिलाओं का पता लगाया.
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह अभियान 18 से 22 अगस्त तक पूरे ओडिशा में चलाया गया था.
बयान के अनुसार, सबसे अधिक 45 बच्चों और 504 महिलाओं को पुरी पुलिस ने बचाया। इसके बाद भद्रक (37 बच्चे और 318 महिलाएं) और कटक (21 बच्चे और 304 महिलाएं) का स्थान रहा.
लापता महिलाओं और बच्चों को खोजने के लिए फरवरी, अप्रैल और मई में भी विशेष अभियान चलाए गए थे.
बयान में बताया गया कि फरवरी के अभियान के दौरान 139 बच्चों और 593 महिलाओं को बचाया गया, जबकि अप्रैल में 421 बच्चों और 3,073 महिलाओं का पता लगाया गया.
वहीं, 19 से 22 मई तक चलाए गए अभियान के दौरान 291 बच्चों और 942 महिलाओं को बचाया गया.