कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स, निफ्टी में तेजी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-07-2026
Sensex, Nifty rise in early trade on sharp fall in crude oil prices
Sensex, Nifty rise in early trade on sharp fall in crude oil prices

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई।
 
इस दौरान बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
 
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 566 अंक चढ़कर 76,608.66 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 153.60 अंक की बढ़त के साथ 23,923.30 पर कारोबार कर रहा था।
 
एक्सिस डायरेक्ट के शोध प्रमुख राजेश पालविया ने कहा, ‘‘सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान द्वारा सैन्य कार्रवाई रोकने के बाद बाजार धारणा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे आपूर्ति बाधित होने की तत्काल आशंकाएं कम हुई हैं। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से भारत को मुद्रास्फीति के दबाव में कमी, चालू खाते की स्थिति में सुधार और रुपये पर दबाव घटने के रूप में बड़ा लाभ मिल सकता है।’’
 
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, इटरनल, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर प्रमुख बढ़त वाले रहे। वहीं भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
 
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग चार प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
 
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा, ‘‘चार दिन पहले 102 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर रहे ब्रेंट क्रूड का भाव घटकर सोमवार सुबह लगभग 93 डॉलर प्रति बैरल पर आ जाना बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है। यदि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का सिलसिला जारी रहता है और कच्चे तेल की कीमतों में और नरमी आती है तो बाजार में हल्की तेजी का रुख बना रह सकता है।’’
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 3,892.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।