रुपया शुरुआती कारोबार में 28 पैसे मजबूत होकर 96.25 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-07-2026
Rupee strengthens 28 paise to 96.25 per dollar in early trade
Rupee strengthens 28 paise to 96.25 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 28 पैसे मजबूत होकर डॉलर के मुकाबले 96.25 पर पहुंच गया।

कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट और अमेरिका तथा ईरान की ओर से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत मिलने के बाद वैश्विक बाजारों में बने सकारात्मक रुख से रुपये को बल मिला।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर सूचकांक भी ऊंचे स्तर से नीचे आया, जबकि घरेलू शेयर बाजार में मजबूत लिवाली का रुख देखने को मिला, जिससे स्थानीय मुद्रा को और मजबूती मिली।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.18 प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि शुरुआती बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बाद यह 96.28 प्रति डॉलर पर कारोबार करता देखा गया। इसके बावजूद यह पिछले बंद भाव की तुलना में 28 पैसे की बढ़त में रहा।
 
रुपया शुक्रवार को निचले स्तर से उबरते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 96.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.04 पर आ गया।
 
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 4.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.74 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 3,892.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।